वैभव सूर्यवंशी 14 वर्ष की उम्र में ही भारतीय क्रिकेट जगत के लिए एक चर्चा का विषय बन गए हैं। वह लगातार अपने खेल से सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी वैभव ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मैच में 80 गेंद पर उनकी 175 रन की पारी ने टीम को विश्व चैंपियन बनाने में योगदान दिया।
अब आईपीएल से पहले एक नई चुनौती वैभव का इंतजार कर रही है। क्रिकेट की फील्ड पर कमाल दिखाने के बाद अब वैभव सूर्यवंशी को पढ़ाई के क्षेत्र में भी नई चुनौती का सामना करना पड़ेगा। वह 17 फरवरी से होने वाली सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षाओं में हिस्सा लेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह चर्चा है कि वैभव अब 10वीं की परीक्षा देंगे। 26 मार्च से आईपीएल शुरू होगा और उससे पहले वैभव के सामने पढ़ाई की चुनौती होगी। मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक वैभव डॉ. मुक्तेश्वर सिन्हा मॉडेस्टी स्कूल, ताजपुर (समस्तीपुर) के छात्र हैं। वैभव सूर्यवंशी को एडमिट कार्ड मिल चुका है और आगामी बोर्ड की परीक्षा के लिए सभी फॉर्मेलिटी भी पूरी हो चुकी हैं।
सीबीएसई 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक चलेंगी। यानी आईपीएल से पहले वैभव के सामने यह नया चैलेंज होगा। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव के अनुसार वह चाहते हैं कि उनका बेटा खेल के साथ-साथ पढ़ाई के क्षेत्र में भी आगे रहे।
वैभव के लिए यादगार रहा अंडर 19 वर्ल्ड कप
वैभव सूर्यवंशी के लिए पिछला पूरा एक साल शानदार रहा है। हाल ही में हुए अंडर 19 विश्व कप की 7 पारियों में 439 रन बनाकर जलवा बिखेरा था। फाइनल मुकाबले में उनकी 175 रन की तूफानी पारी ने इंग्लैंड को मैच से पहले ही दूर कर दिया था। उन्हें फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। वैभव के लिए यह टूर्नामेंट यादगार रहा।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं:-
अभिषेक की फिटनेस पर सस्पेंस, संजू की लग सकती है लॉटरी; AI ने दूसरे मैच के लिए चुनी भारत की संभावित प्लेइंग 11
टी20 वर्ल्ड कप का ‘ग्रुप ऑफ डेथ’: स्कॉटलैंड की जीत, नेपाल का जज्बा; इंग्लैंड तीसरे स्थान पर खिसका
