वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल से पहले टी20 क्रिकेट में एक बार फिर अपना कमाल दिखाया है। वैभव ने डीवाई पाटिल टी20 कप में अपना पहला मैच खेलते हुए डीवाई पाटिल ब्लू के लिए 19 गेंद पर 63 रन की पारी खेली। वहीं वैभव के साथ अर्जुन तेंदुलकर ने भी 29 गेंद पर नाबाद 55 रन बनाए और टीम ने 220 रन का लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर लिया। अर्जुन ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
वैभव-अर्जुन की आंधी में गेंदबाजों के उड़े होश
डीवाई पाटिल ब्लू की टीम ने इंडियन नेवी के खिलाफ इस मुकाबले में बेहतरीन जीत दर्ज की। इंडियन नेवी की टीम ने 20 ओवर में 219 रन का अच्छा स्कोर खड़ा किया, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की आतिशी शुरुआत और अंत में अर्जुन तेंदुलकर के तूफानी अंजाम से टीम ने 19.1 ओवर में ही 225 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से जीता।
वैभव सूर्यवंशी ने डीवाई पाटिल की टीम के लिए ओपनिंग करते हुए 19 गेंद पर 63 रन की तूफानी पारी खेली। वैभव ने 331 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस पारी में सूर्यवंशी ने 7 चौके और पांच छक्के लगाए। इसके बाद सरफराज खान 27, जितेश शर्मा 3 और कप्तान शशांक सिंह 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर अर्जुन तेंदुलकर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पचासा जड़ा।
अर्जुन ने छक्का लगाकर दिलाई जीत
अर्जुन तेंदुलकर और आनंद बैस ने नाबाद 92 रन की पार्टनरशिप की। अर्जुन ने 29 गेंद पर नाबाद 55 रन की पारी खेली जिसमें 7 चौके और दो छक्के शामिल थे। उन्होंने पारी के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर डीवाई पाटिल ब्लू टीम को जीत तक पहुंचाया। आनंद 24 गेंद पर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। 133 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद से दोनों ने टीम को संभाला और जीत तक पहुंचाया।
इससे पहले अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी में खास असरदार नहीं रहे थे। उन्होंने 4 ओवर में 40 रन देकर एक विकेट लिया था। अर्जुन को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। आईपीएल से पहले उनका यह प्रदर्शन सभी का ध्यान अपनी ओर खींचेगा। लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 के लिए अर्जुन को अपने साथ जोड़ा है। वहीं वैभव सूर्यवंशी इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के नियमित ओपनर के तौर पर उतरेंगे।
य़ह भी पढ़ें- Ranji Final: आकिब ने किया बल्लेबाजों की नाक में दम; केएल राहुल नहीं समझ पाए बॉल, करुण नायर 0 पर क्लीन बोल्ड
य़ह भी पढ़ें- 6,6,6,…उमरान मलिक ने एक ओवर में लुटाए 36 रन, शार्दुल ठाकुर की टीम हारी; 24 वर्षीय बल्लेबाज ने ठोका शतक
