वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आईपीएल 2026 से पहले आग उगल रहा है। वह नवी मुंबई में जारी डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में डीवाई पाटिल ब्लू टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने पिछले मैच में टीम के लिए खेलते हुए 19 गेंद पर 63 रन ठोके थे। वहीं अब क्वार्टरफाइनल में वैभव ने 16 गेंद पर पचासा ठोका और 19 गेंद पर 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 305 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी इस पारी की बदौलत टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।
वैभव की यह पारी इनकम टैक्स टीम के खिलाफ आई जिसके कप्तान राहुल तेवतिया हैं। वहीं डीवाई पाटिल ब्लू टीम की कमान शशांक सिंह संभाल रहे हैं। आईपीएल के कई सितारे इस टूर्नामेंट में तैयारी के लिए हिस्सा ले रहे हैं। इस मैच में पहले खेलते हुए इनकम टैक्स की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए थे। कप्तान तेवतिया ने 35 गेंद पर 83 रन की नाबाद पारी खेली थी।
जवाब में वैभव सूर्यवंशी के 19 गेंद पर तूफानी 58 रन और कप्तान शशांक सिंह के नाबाद 32 गेंद पर 53 रन की बदौलत डीवाई पाटिल ब्लू ने जीत दर्ज की। इस टीम ने 19 ओवर में ही 6 विकेट गंवाकर मुकाबला जीत लिया। डीवाई पाटिल ने इस मैच में 4 विकेट से मिली शानदार जीत के बाद सेमीफाइनल में भी जगह बना ली है।
अर्जुन तेंदुलकर गेंद और बल्ले से फ्लाप
इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर का प्रदर्शन गेंद और बल्ले दोनों से फ्लाप रहा। अर्जुन ने पहले गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में ही 44 रन खर्च कर दिए और सिर्फ एक विकेट ले पाए। उसके बाद बल्लेबाजी में भी अर्जुन ने निराश किया और 7 गेंद पर सिर्फ 2 रन ही बना पाए। डीवाई पाटिल रेट, डी वाई पाटिल ब्लू, कनारा बैंक और मुंबई कस्टम्स की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। 5 मार्च को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे और 6 मार्च को टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें- SA vs NZ: कीवी गेंदबाजों के सामने साउथ अफ्रीका पस्त, न्यूजीलैंड को मिला 170 का लक्ष्य; यान्सेन ने ठोका नाबाद पचासा
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: अभिषेक शर्मा की जगह पक्की, सेमीफाइनल से पहले बॉलिंग कोच ने दिया हिंट; याद दिलाई 135 रन की पारी
