भारतीय युवा टीम अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। ओवरऑल भारत का यह 10वां और लगातार छठा फाइनल है। भारतीय टीम अभी तक इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाली टीम है। वहीं भारत के 14 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट में अभी तक 15 छक्के लगा चुके हैं और निकोलस पूरन से आगे निकल गए हैं। उनके पास इतिहास रचने का मौका है।

भारत ने अभी तक पिछले 15 में से सबसे ज्यादा पांच बार अंडर 19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। वहीं 16वें सीजन में टीम इंडिया 10वीं बार फाइनल में पहुंची है। इतनी ही नहीं 2016 से 2026 तक भारतीय टीम लगातार अपना छठा फाइनल (2016, 2018, 2020, 2022, 2024, 2026) खेलने उतरेगी। भारत का सामना फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से होगा। इस टूर्नामेंट में अभी तक भारत अजेय है और इंग्लैंड ने अभ्यास मैच में भारत को हराया था।

वैभव सूर्यवंशी के पास इतिहास रचने का मौका

भारतीय अंडर 19 टीम के सलामी बल्लेबाजी वैभव सूर्यवंशी के पास फाइनल में इतिहास रचने का मौका होगा। वह अभी तक इस टूर्नामेंट में 15 छक्के लगा चुके हैं और उन्होंने निकोलस पूरन (14) को पीछे छोड़ा है। फाइनल में अगर उनके बल्ले से चार छक्के निकले तो वह अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के

  • 18 – डेवाल्ड ब्रेविस, 2022
  • 15 – जैक बर्नहैम, 2016
  • 15 – वैभव सूर्यवंशी, 2026
  • 14 – माइकल हिल, 2008
  • 14 – निकोलस पूरन, 2014

अफगानिस्तान को हराकर किया रिकॉर्ड चेज

सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया। टीम इंडिया ने नॉकआउट में 311 रनों का रिकॉर्ड लक्ष्य चेज करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में ओवरऑल सबसे बड़ा चेज है। वहीं अंडर 19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट इतिहास का भी रिकॉर्ड चेज है। इससे पहले 2024 में भारत ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 245 रन का सबसे बड़ा लक्ष्य चेज किया था।

यह भी पढ़ें: एरोन जॉर्ज का शतक, अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड चेज; फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ंत

यह भी पढ़ें: इशान किशन का तूफान: 7 छक्के, 20 गेंद पर जड़ दिया पचासा; फिर क्यों कप्तान ने कर दिया रिटायर्ड आउट?