वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में जिस तरह से आगाज किया है, उसके बाद लगातार उनके टीम इंडिया में आने की प्रक्रिया को फास्ट ट्रैक करने की मांग हो रही है। इस मुद्दे पर कई पूर्व क्रिकेटरों की अलग-अलग राय भी है। इसी कड़ी में दिग्गज अनिल कुंबले ने दो टूक जवाब दिया है। उनका साफ कहना है कि जब 15 वर्षीय खिलाड़ी का डेब्यू होगा तब होगा, फिलहाल उन्हें खेलने देना चाहिए और कोई प्रेशर नहीं डालना चाहिए।

पीटीआई के साथ बात करते हुए अनिल कुंबले ने साफतौर पर कहा कि फिलहाल वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में लाने के मुद्दे पर जल्दबाजी करते हुए उनके ऊपर प्रेशर नहीं डालना चाहिए। उन्होंने साथ ही इस दौरान सचिन तेंदुलकर का भी जिक्र किया। उन्होंने सचिन के उस वक्त को याद किया जब वह 14-15 साल के थे और अपना खेल दिखा रहे थे।

क्या बोले अनिल कुंबले?

दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने वैभव सूर्यवंशी पर बात करते हुए साफतौर पर कहा,”खिलाड़ी ने अपने खेल से खुद ही जवाब दे दिया है। आपको पता है कि एक समय ऐसा आता है जब किसी खिलाड़ी को बाहर रखना मुश्किल हो जाता है। यही केस सचिन तेंदुलकर के साथ भी था जब वह टीम में आने वाले थे। वह जब मैदान पर आते थे बतौर 14 या 15 साल के बल्लेबाज तो लगातार शतक लगाते थे।”

कुंबले ने आगे कहा,”मुझे विश्वास है कि जो हमने वैभव के लिए देखा है वह लगातार सही रास्ते पर हैं। इस वक्त पर हमें युवा खिलाड़ी (वैभव पर) प्रेशर डालने की जरूरत नहीं है। ऐसा नहीं होना चाहिए कि हम चाहते हैं कि वह अगले दो महीने में भारत के लिए खेलेंगे। लेकिन मुझे विश्वास है कि जिस तरह से वह खेल रहे हैं, चयनकर्ता निश्चित ही उन पर बारीकी से नजर रखे होंगे।”

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में लगातार अपने बल्ले का कमाल दिखाया है। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने तीन पारियों में 122 रन ठोक दिए हैं। उन्होंने सीएसके के खिलाफ सीजन का आगाज 15 गेंद पर अर्धशतक लगाते हुए किया था। ऐसे में अब उनके ऊपर नजरें हैं कि इस सीजन वह अपने बल्ले का जादू दिखाकर टीम इंडिया में एंट्री करेंगे। यही कारण है कि लगातार उनके इंटरनेशनल डेब्यू की मांग उठ रही है।

CSK के लिए अच्छी खबर, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ब्रेविस की वापसी; एमएस धोनी के लिए करना होगा इंतजार

आईपीएल 2026 में एमएस धोनी अभी तक फील्ड पर नहीं उतरे हैं। अब सीएसके लगातार तीन हार के बाद चौथा मैच दिल्ली के खिलाफ खेलने जब उतरेगी, तब भी थाला फैंस को इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी लगभग तय है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर