इंडिया ए ने श्रीलंका ए को फाइनल में हराकर वनडे ट्राई नेशन ए सीरीज का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में 29 गेंद पर 94 रन की पारी खेल प्लेयर ऑफ द मैच बने वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद अपने आलोचकों पर निशाना साधा है। आईपीएल 2026 में 776 रन बनाने के बाद वनडे फॉर्मेट में वैभव की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहले चार मैच में उन्होंने सिर्फ 117 रन बनाए थे और वह आलोचनाओं का शिकार हो रहे थे।

कई लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया था कि वैभव अभी भी टी20 मोड से बाहर नहीं आए हैं। फिर फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपने टी20 अंदाज से ही वनडे मुकाबले में श्रीलंका ए को बैकफुट पर ला दिया। फाइनल मुकाबले में वैभव की पारी के दम पर भारतीय टीम ने 377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसकी नींव पहले 10 ओवर में ही रखी जा चुकी थी। फाइनल के बाद उन्होंने हंसते हुए अपने आलोचकों पर भी निशाना साधा।

क्या बोले वैभव सूर्यवंशी?

प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जब वैभव सूर्यवंशी से पूछा गया कि उन्होंने टी20 ज्यादा खेला है और बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन 50 ओवर फॉर्मेट कम खेला है, तो यहां इस सीरीज से क्या सीखा? इस पर वैभव ने हंसते हुए कहा,”सीखने को काफी कुछ मिला लेकिन मैं 50 ओवर काफी खेल चुका हूं, पता नहीं लोगों को नहीं मालूम लगता, लेकिन हां अलग कंडीशन थीं, अलग पिच थीं अच्छा लगा खेलने में मजा आया, अच्छी रही सीरीज।”

ट्राई सीरीज के छठे बेस्ट स्कोरर रहे वैभव

वैभव सूर्यवंशी ने ट्राई सीरीज के पांच मैचों की पांच पारियों में 211 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 94 रन रहा। उन्होंने इस सीरीज में 14, 44, 21, 38 और 94 रन की पारियां खेलीं। उनका स्ट्राइक रेट 200 के पार रहा और औसत भी करीब 42 का था। इस सीरीज में 15 वर्षीय खिलाड़ी के बल्ले से 11 छक्के और 29 चौके निकले। वह टूर्नामेंट के छठे बेस्ट स्कोरर भी रहे।

IND A vs SL A फाइनल मैच के बाद ट्राई सीरीज के टॉप 5 बल्लेबाज- गेंदबाज, वैभव सूर्यवंशी लिस्ट से बाहर

इंडिया ए ने वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए को 66 रन से हराकर खिताब जीता। वैभव सूर्यवंशी फाइनल के प्लेयर ऑफ द मैच बने लेकिन वह सीरीज के टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट से बाहर रहे। जबकि टॉप 5 गेंदबाजों में दो भारतीयों ने जगह बनाई। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर