वैभव सूर्यवंशी ने अब तक भारत के लिए पदार्पण नहीं किया है, लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज पहले ही इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ा है। आयरलैंड या इंग्लैंड दौरे पर मौका मिलने पर वह सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बन जाएंगे।
इस बीच भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जिस तरह उसने बल्लेबाजी की है, वह उसकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है।
सचिन तेंदुलकर ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से भारत के लिए डेब्यू किया था। तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी। सितांशु कोटक ने कहा है कि वह भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी के आने को लेकर उत्साहित हैं।
सितांशु कोटक ने बताया कि इस प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी के प्रति कोचों का नजरिया क्या होगा। सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भारत की रिकॉर्ड जीत के बाद सितांशु कोटक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘देखिए, एक बल्लेबाजी कोच या किसी भी कोच के तौर पर यह हमेशा एक चुनौती होती है, क्योंकि इस स्तर पर खिलाड़ियों की अपनी सोच, अपना स्टाइल और सफलता पाने का अपना तरीका होता है।’’
सितांशु कोटक ने कहा, ‘‘…और जब आप उसमें कुछ जोड़ने की कोशिश करते हैं तो इसमें हमेशा समय लगता है और इसके लिए उनका भरोसा जीतना जरूरी होता है। मेरे लिए यह बहुत अहम है कि आप कितना और कब कुछ जोड़ना चाहते हैं।’’
सितांशु कोटक ने कहा, ‘‘मैंने U19 चैलेंजर ट्रॉफ़ी में उसकी कुछ पारियां देखी हैं। लेकिन पिछले साल के आईपीएल और जिस तरह से वह बल्लेबाजी करता है, जिस तरह से वह शॉट्स खेलता है, उसे देखकर सच कहूं तो एक 15 साल के लड़के के लिए यह वाकई बहुत रोमांचक है।’’
सितांशु कोटक ने कहा, ‘‘दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का उसने जिस तरह से सामना किया है और जिस तरह से कामयाब रहा है, वह दिखाता है कि वह कितना टैलेंटेड है, इसलिए मैं सच में बहुत उत्साहित हूं, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर, हम उसे आगे बढ़ने देंगे और देखेंगे कि असल में उसके लिए क्या मददगार रहता है। जब भी हम कुछ देखेंगे तो हम निश्चित रूप से उसकी उतनी ही मदद करने की कोशिश करेंगे जितनी उसे जरूरत होगी।’’
पिछले साल, गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी IPL में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। इंग्लैंड के खिलाफ ICC U-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की जबरदस्त पारी खेलने वाले इस युवा खिलाड़ी पर इस साल के IPL में सबकी नजरें थीं।
राजस्थान रॉयल्स के इस बल्लेबाज ने इस साल के IPL में एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए और 16 मैचों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए। भारतीय टीम में चुने जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने बताया था कि वह अगले ‘15-20’ वर्षों तक अपना दबदबा बनाए रखना चाहते हैं।
