आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित करने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर सबा करीम ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी में कई नए शॉट्स जोड़े हैं और अब वह 145-150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंदों समेत हर तरह की गेंदबाजी का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

सबा करीम ने यह भी खुलासा किया कि राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ को पहले से ही पूरा भरोसा था कि वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में अपने दूसरे सीजन के दबाव में नहीं टूटेंगे और भविष्य में वह भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलेंगे।

सबा करीम से विक्रम राठौड़ ने कहा था, ‘‘सबा, बस इंतजार करो और देखो। मुझे लगता है कि वह किसी भी तरह की गेंद का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।’’ ब्रॉडकॉस्टर के ‘गेम प्लान’ पर बात करते हुए एक्सपर्ट सबा करीम ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी बहुत तेजी से गेंदबाजों को को पढ़ लेते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी खूबी है। अब दुनिया इंटरनेशनल क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार कर रही है।

सबा करीम ने कहा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी ने 2026 में अपने शॉट्स की रेंज को काफी बढ़ाया है और वह तैयार दिखते हैं।’’ सबा करीम ने विस्तार से बताते हुए कहा, ‘‘यह वैभव की बल्लेबाजी की सबसे अच्छी खूबी है। उन्हें बहुत जल्दी पता चल जाता है कि गेंदबाज उन्हें कहां टारगेट कर सकते हैं। वह कुछ गेंदों में ही यह समझ लेते हैं कि क्या उनके पास उन गेंदों पर रन बनाने के लिए सही शॉट्स हैं या नहीं और उसी हिसाब से तैयारी करते हैं।’’

सबा करीम ने कहा, ‘‘उन्होंने इसी तरह की तैयारी की है, इसीलिए इस साल हमने उन्हें छोटी गेंदों पर ‘अपर कट’ खेलते, मजबूत बेस के साथ ‘कवर’ की तरफ शॉट मारते, ‘लॉन्ग ऑफ’ और ‘कवर’ के ऊपर से शॉट खेलते और ‘इनसाइड-आउट’ शॉट्स खेलते देखा है। उन्होंने अपने स्कोरिंग शॉट्स में जो ये सभी नए शॉट्स जोड़े हैं, उनका मतलब है कि अब चाहे हालात कैसे भी हों या गेंदबाजी कैसी भी हो, वह तैयार हैं।’’

सबा करीम का मानना ​​है कि बेखौफ होकर ऑफ-साइड पर शॉट खेलना उनके हुनर ​​और तूफानी अंदाज को बनाए रखने की काबिलियत को दिखाता है। सबा करीम ने माना कि पहले उन्हें कुछ संदेह था। सबा करीम ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद नहीं थी कि वह अपने पहले ही साल में रन बनाएगा, लेकिन पिछले सीजन के आईपीएल से पहले, मुझे उसके कोच (पटना अकादमी के मनीष ओझा), हमारे भोजपुरी कमेंटेटर रॉबिन और कुछ अन्य लोगों से कई वीडियो मिले थे।’’

सबा करीम ने बताया, ‘‘वे कह रहे थे कि सर आपको उसे जरूर देखना चाहिए। वह अभी बच्चा है, लेकिन उसकी टाइमिंग बहुत जबरदस्त है। जब उसे नीलामी में खरीदा गया था तब मैं बस यही उम्मीद कर रहा था कि उसे कम से कम एक बार खेलने का मौका मिले, क्योंकि मैं चाहता था कि दुनिया देखे कि भारत के पास अब इतना टैलेंटेड खिलाड़ी है।’’

सबा करीम ने कहा, ‘‘जरा सोचिए, आप इतने बड़े मंच पर अपना पहला मैच खेल रहे हैं और आपका सामना एक बेहतरीन गेंदबाज से है जो भारत के लिए खेल चुका है। उन पर कोई दबाव नहीं था। उन्होंने पहली ही गेंद पर गेंदबाज की परवाह किए बिना शॉट खेला। वैभव सूर्यवंशी ऐसे ही खिलाड़ी हैं।’’ U19 वर्ल्ड कप फाइनल में रिकॉर्ड 170 के आस-पास रन बनाने के बाद भी आलोचकों को चिंता थी कि गेंदबाज उसे रोकने के लिए कोई न कोई योजना जरूर बनाएंगे।

सबा करीम ने कहा, ‘‘सबको अब भी लग रहा था कि दूसरे सीजन में गेंदबाज उसके खिलाफ पक्की योजना बनाकर उसे परेशान कर सकते हैं, जैसे उसके शरीर को निशाना बनाना या उसकी कमजोरियों का पता लगाना, लेकिन मुझे नहीं लगा कि उसे ‘सेकंड-सीजन ब्लूज’ (दूसरे सीजन में खराब प्रदर्शन) का सामना करना पड़ेगा। मुझे लगा कि वह पूरी तरह तैयार था और उसने उसी तरह से बल्लेबाजी की।’’

सबा करीम ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि मेरी राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ से बात हुई थी। मैंने उनसे पूछा था कि क्या वैभव के लिए टॉप-क्वालिटी बॉलिंग या 145-150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली शॉर्ट पिच गेंदों का सामना करना मुश्किल हो सकता है।’’ सबा करीम को पूरा भरोसा था कि वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल सकते हैं। ठीक वैसे ही जैसे विराट कोहली ने 2016 के सीजन में अपनी काबिलियत दिखाई थी।

सबा करीम ने कहा, ‘‘मेरी राय में IPL के इतिहास में शायद विराट कोहली के उस सीजन के बाद (जिसमें उन्होंने इतने सारे रन बनाए थे) अगर किसी एक सीजन को खासतौर पर याद किया जाएगा तो वह वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 सीजन होगा। टॉप-क्वालिटी गेंदबाजों के खिलाफ उनका प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। मुझे उनकी बड़े रन बनाने की काबिलियत पर पूरा भरोसा है। सिर्फ भारतीय प्रशंसक ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया वैभव सूर्यवंशी को उसी अंदाज में खेलते हुए देखने का इंतजार कर रही है, जैसा उन्होंने IPL में किया था। मुझे इस युवा खिलाड़ी से बहुत उम्मीदें हैं। बहुत जल्द हम उन्हें तीनों फॉर्मेट में खेलते हुए देखेंगे। मुझे इस बात का पूरा यकीन है।’’

इरफान ने बताई संजू की कमजोर कड़ी, सबा करीम ने बताया- भारतीय ओपनर क्यों हो रहे बार-बार फ्लॉप?

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में सस्ते में आउट होने के बाद संजू सैमसन की बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे हैं। इरफान पठान ने उनकी तकनीकी कमजोरी की ओर इशारा किया, जबकि सबा करीम ने बताया कि शुरुआती 10 गेंदें पार कर लेने पर संजू बड़ी पारी खेलने में सक्षम हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)