आईपीएल 2026 में 70 लीग स्टेज के मुकाबलों के बाद कई बेहतरीन रिकॉर्ड सामने आए। इस सीजन लीग स्टेज में ही सबसे ज्यादा 200 प्लस रनों का रिकॉर्ड टूट गया। वहीं तीन साल बाद सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी हुई और उर्विल पटेल ने धमाल मचाया। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन अभी तक रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। प्लेऑफ में उनके निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड होंगे। ऐसे ही पांच रिकॉर्ड जानते हैं जो आईपीएल 2026 के प्लेऑफ से पहले ही बन गए।
IPL 2026 के लीग स्टेज में बने 5 बड़े रिकॉर्ड
1) एक सीजन में सबसे ज्यादा 200 प्लस स्कोर
आईपीएल 2025 में 52 बार टीमों ने 200 प्लस रनों का आंकड़ा पार किया था। आईपीएल 2026 में लीग स्टेज के दौरान ही 61 बार 200 प्लस रनों का रिकॉर्ड बना। आईपीएल इहिसा में पहली बार ऐसा हुआ है और यह एक सीजन में सबसे ज्यादा 200 प्लस रनों का रिकॉर्ड भी है।
2) उर्विल पटेल ने की सबसे तेज फिफ्टी की बराबरी
यशस्वी जायसवाल ने 2023 में राजस्थान की तरफ से केकेआर के खिलाफ 13 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। तीन साल बाद कोई बल्लेबाज उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर पाया। सीएसके के उर्विल पटेल ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 13 गेंद पर पचासा ठोका और इस रिकॉर्ड की बराबरी की।
3) आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज
आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी आईपीएल 2026 में देखने को मिला। इस सीजन के लीग स्टेज में एक मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। पंजाब किंग्स ने 265 रन बनाकर मैच जीता और आईपीएल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी बनाया।
4) आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 14 शतकों का रिकॉर्ड 2024 में बना था। आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के दौरान ही यह रिकॉर्ड बराबर हो चुका है। प्लेऑफ के चार मैच बाकी हैं, यानी पूरी संभावना है कि यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है और 2026 एक और मायने में ऐतिहासिक सीजन बन जाएगा।
5) वैभव सूर्यवंशी के आगे सभी रिकॉर्ड फेल
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के 14 मैचों में 583 रन ठोके। वह एक सीजन 500 प्लस रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। उन्होंने 53 छक्के लीग स्टेज में लगाए जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था। वह 50 छक्कों तक भी एक सीजन में पहुंचने वाले पहले भारतीय और सबसे युवा खिलाड़ी बने। वह क्रिस गेल का 59 छक्कों (एक सीजन में सबसे ज्यादा) का रिकॉर्ड तोड़ने से 7 छक्के दूर हैं।
वैभव-गिल ओपनर, अभिषेक शर्मा और इशान किशन बाहर; CSK के पूर्व खिलाड़ी ने चुनी IPL 2026 की बेस्ट प्लेइंग 11
आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के एक पूर्व खिलाड़ी ने बेस्ट प्लेइंग 11 चुनी है। खास बात यह है कि उन्होंने अभिषेक शर्मा, इशान किशन, विराट कोहली जैसे बड़े नाम नहीं शामिल किए हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
