भारतीय क्रिकेट में चयन नीति को लेकर फिर बहस छिड़ गई है। शानदार फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल को इंग्लैंड दौरे के लिए ODI टीम में जगह नहीं मिलने के बाद सवाल उठ रहे हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने शुरुआती छह वनडे में ही दो शतक जड़कर दावेदारी मजबूत कर ली थी, लेकिन विराट कोहली की वापसी के साथ वह टीम से बाहर हो गए।

अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि चयन रोहित शर्मा, विराट कोहली या जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नामों के आधार पर नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के हित को ध्यान में रखकर होना चाहिए। ऐसे में सवाल यह है कि क्या यशस्वी जायसवाल के साथ नाइंसाफी हुई है?

संजय मांजरेकर का कहना है कि अगर रोहित शर्मा को टीम में चुना गया है तो यह साफ होना चाहिए कि वह 2027 वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा हैं, क्योंकि चयन का आधार किसी खिलाड़ी का नाम नहीं, बल्कि टीम इंडिया का भविष्य होना चाहिए।

‘यशस्वी के साथ थोड़ा कठोर फैसला हुआ’

यशस्वी जायसवाल ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में खेले गए वनडे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए थे। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी 116 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपने शुरुआती छह ODI मैचों में दो शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल ने कम मौकों में ही अपनी क्षमता साबित कर दी, लेकिन इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम में उनका नाम नहीं था।

संजय मांजरेकर ने कहा कि यशस्वी ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया है। ऐसे में उनका बाहर होना थोड़ा कठोर फैसला लगता है। संजय मांजरेकर ने कहा, यशस्वी जायसवाल ने अपने पिछले तीन वनडे पारियों में दो शतक लगाए हैं। भारत जैसी मजबूत ODI टीम में ओपनिंग करने वाले किसी भी खिलाड़ी को ज्यादा मौके नहीं मिलते, लेकिन यशस्वी ने उन मौकों का पूरा फायदा उठाया है।

रोहित शर्मा की भूमिका पर उठाए सवाल

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में रोहित शर्मा को बरकरार रखा गया है। कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित ही टीम की ओपनिंग जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। संजय मांजरेकर ने कहा कि अगर चयनकर्ता रोहित को टीम में रख रहे हैं तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह 2027 वनडे विश्व कप की योजना का हिस्सा हैं।

संजय मांजरेकर ने कहा, अगर चयनकर्ताओं ने रोहित को चुना है तो उम्मीद है कि उनके पास उन्हें लेकर लंबी योजना होगी। अगर वह 2027 वर्ल्ड कप की योजना में हैं तो यह फैसला समझ आता है, लेकिन अगर सिर्फ इसलिए उन्हें चुना जा रहा है क्योंकि उन्हें हटाने का फैसला नहीं लिया जा रहा तो यह भारतीय क्रिकेट की पुरानी समस्या को दिखाता है।

‘चयन बड़े नामों नहीं, टीम इंडिया के लिए होना चाहिए’

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि भारतीय क्रिकेट में कई बार बड़े खिलाड़ियों के आसपास फैसले लेना आसान नहीं होता। संजय मांजरेकर ने कहा, हम सभी जानते हैं कि बड़े नामों वाले खिलाड़ियों को लेकर फैसले सिर्फ क्रिकेटिंग मेरिट के आधार पर नहीं होते, लेकिन चयन हमेशा इस बात पर होना चाहिए कि भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा क्या है।

संजय मांजरेकर ने साफ कहा कि चयन का आधार यह नहीं होना चाहिए कि फैसला विराट कोहली, रोहित शर्मा या जसप्रीत बुमराह के लिए बेहतर है या नहीं। संजय मांजरेकर ने कहा, चयन कभी भी यह सोचकर नहीं होना चाहिए कि विराट, रोहित या बुमराह के लिए क्या अच्छा है। फैसला हमेशा भारतीय क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखकर होना चाहिए।

वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी बोले मांजरेकर

संजय मांजरेकर ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का समर्थन किया। श्रीलंका में इंडिया A की ट्राई सीरीज के दौरान हुए विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी ने इससे सीख ली होगी। संजय मांजरेकर ने कहा, उसने इससे सीख ली है। वह काफी समझदार और परिपक्व खिलाड़ी नजर आता है। आगे वह ऐसी परिस्थितियों को बेहतर तरीके से संभाल पाएगा। वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी पर बात करते हुए संजय मांजरेकर ने कहा कि इतनी कम उम्र में जिस तरह का आत्मविश्वास दिखा रहा है, वह काफी अलग है।

IND vs IRE T20 Match Live Streaming: भारत-आयरलैंड पहले टी20 की लाइव स्ट्रीमिंग, मैच को ऐसे देखें लाइव

IND vs IRE t20 Match Live Streaming Channel online, Sony Sports, Sony Liv: भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मैच शुक्रवार को खेला जाएगा। भारत बनाम आयरलैंड पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के लाइव टेलीकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स जानने के लिए क्लिक करें।