साक्षी राज । इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार (4 जुलाई 2026) को मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने सफर की शुरुआत की। वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करके सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब वह भारत के सबसे कम उम्र के इंटरनेशनल क्रिकेटर बन चुके हैं। वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू के बाद भारत के पूर्व लेग स्पिनर लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन का मानना है कि वैभव को लगातार खेलते रहना चाहिए
गौरतलब है कि भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पूर्व स्पिनर लक्ष्मण शिवारामाकृष्णन का भी नाम शामिल है। उन्होंने भी वर्ष 1983 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 17 साल की उम्र में डेब्यू किया था। शिवा ने वैभव सूर्यवंशी के लिए बड़ा बयान देते हुए टीम मैनेजमेंट को उन्हें लगातार सपोर्ट करने और मौके देने की बात कही है।
क्या बोले लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन?
शिवरामाकृष्णन ने पीटीआइ से बात करते हुए वैभव सूर्यवंशी को आगे और मौके देने की बात कही है। उन्होंने कहा,”उन्हें(वैभव को) व्हाइट बॉल क्रिकेट में मौके देने चाहिए और देखना चाहिए कि वह कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं। वैभव को लगातार खेलते रहना चाहिए क्योंकि एक युवा खिलाड़ी को आराम देने का कोई मतलब नहीं बनता। उसे आराम की जरुरत नहीं है। वह पूरे साल खेल सकता हैं। खासतौर पर बल्लेबाज के रूप में उन्हें (वैभव को) एक गेंदबाज की फिटनेस की जरुरत नहीं है। लंबे समय तक बल्लेबाजी करने से उनकी एकाग्रता और मानसिक मजबूती बढ़ेगी। “
उन्होंने अपने बयान में वैभव सूर्यवंशी के बारे में बोलते हुए आगे कहा,”एक बार जब आपने उन्हें मौका देने का फैसला ले लिया तब आपको उसे खेलना का भरपूर मौका देना चाहिए। क्योंकि वह भारतीय क्रिकेट का अगले 20 साल का निवेश हैं। मेरा मानने है वैभव को अब कोच, कप्तान और बाकी खिलाड़ियों के समर्थन की जरुरत है। अगर वह कुछ मैचों में अच्छा नहीं भी खेलते हैं तब भी उनका साथ देना चाहिए। उनका खेलने का तरीका ही रिस्की है इसलिए उन्हें समर्थन की जरूरत है। कभी वह चलेंगे तो कभी फेल भी होंगे।”
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में अपने डेब्यू मैच में वैभव ने 140 के स्ट्राइक रेट से 10 गेंदों में 14 रन बनाए थे जिसमें दो छक्के भी शामिल थे। बता दें संजू सैमसन के लगातार तीन मैचों में खराब प्रदर्शन की वजह से उन्हे प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया था जिसके बाद वैभव को मौका दिया गया। अब तीसरा टी20 मुकाबला 7 जुलाई को नॉटिंघम में खेला जाएगा। देखना होगा कि इंटरनेशनल स्टेज पर वैभव के बल्ले की धूम कब देखने को मिलती है।
भारत-इंग्लैंड तीसरे टी20 का बदलेगा समय, वैभव सूर्यवंशी का कमाल देखने के लिए खराब करनी पड़ सकती है नींद
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 7 जुलाई को नॉटिंघम में खेला जाएगा। इस मैच का भी समय बदल चुका है। फैंस को इस मैच में वैभव का तूफान देखने के लिए अपनी नींद खराब करनी पड़ सकती है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
