अमेरिका के चर्चित वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) तक भी वैभव सूर्यवंशी के नाम की चर्चा पहुंच चुकी है। 15 साल के वैभव ने जिस तरह आईपीएल 2026 में अपना खेल दिखाया है, उसके बाद से हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल होता दिख रहा है। इसी कड़ी में WWE के एक स्टार रेसलर ने भी प्लेऑफ के एलिमिनेटर मैच से पहले राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनते हुए जिम किया और उस पर नाम था वैभव सूर्यवंशी का।

WWE के धाकड़ रेसलर ड्रू मैकइंटायर ने वैभव सूर्यवंशी के नाम की राजस्थान रॉयल्स वाली जर्सी पहनी। उन्होंने अपने जिम करने का वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। इस वीडियो के कैप्शन में ड्रू ने लिखा,”Chosen One”, यानी उन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले से पहले अपनी पसंदीदा टीम और अपने पसंदीदा क्रिकेटर को चुन लिया है।

इंस्टाग्राम पर ड्रू मैकइंटायर का यह वीडियो फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक तकरीबन 3 लाख 90 हजार लोग इसे लाइक कर चुके थे और तकरीबन 2700 से ज्यादा इस पर कमेंट आ चुके हैं। यूजर्स वैभव सूर्यवंशी के प्रति अपना प्यार लुटा रहे हैं, वहीं एक ने ड्रू मैकइंटायर को आरआर पगलू तक कहा।

एलिमिनेटर में राजस्थान के सामने हैदराबाद की चुनौती

राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 के अपने आखिरी लीग मैच में जीत के साथ प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल हुई थी। लीग स्टेज के बाद टीम 16 अंकों के साथ नंबर 4 पर रहते हुए प्लेऑफ में गई थी। अब उसका एलिमिनेटर मुकाबले में सामना खतरनाक सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यहां हार टीम को एक बार फिर दूसरी ट्रॉफी जीतने के सपने से जुदा कर सकती है।

ऐसे में वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर से सभी की नजरें होंगी। राजस्थान के इस युवा ओपनर ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से पूरे सीजन टीम का कम से कम 50-60 प्रतिशत बोझ अपने छोटे से कंधों पर उठाया है। वैभव के नाम लीग स्टेज में 14 पारियों में 583 रन दर्ज हुए थे। अब उनकी नजरें होंगी प्लेऑफ में भी धूम मचाते हुए टीम को विजयी पथ पर आगे ले जाने पर।

IPL 2026 में वैभव ने तेज गेंदबाजों को धोया, ठोके 53 में से 42 छक्के, पॉवरप्ले में बनाए 74 प्रतिशत रन

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 14 लीग मैचों में ही 583 रन ठोक दिए हैं। उन्होंने इस दौरान 50 चौके और 53 छक्के लगाए हैं। उन्होंने कई बेहतरीन रिकॉर्ड इस सीजन में अपने नाम किए। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर