वैभव सूर्यवंशी मैदान के अंदर तो अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजों की धुनाई करने के लिए चर्चा में रहते हैं। वहीं आईपीएल के मौजूदा सीजन में लगातार वैभव का मजाकिया, मस्ती भरा अंदाज भी चर्चा में रहता है। एक वीडियो उनका बच्चों के साथ मस्ती करते हुए वायरल हुआ था तो अब वह मास्टर शेफ के अंदाज में नजर आ रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार (12 मई 2026) को यह मजेदार वीडियो शेयर किया जिसमें 15 वर्षीय सूर्यवंशी रोटी बनाते दिख रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी के रोटी बनाने का मजेदार वीडियो फ्रेंचाइजी ने एक्स हैंडल पर शेयर किया। इसमें वैभव लगातार मजाक करते दिख रहे हैं और खुद को मास्टर शेफ वैभव बता रहे हैं। वहीं जब उनकी रोटी बन जाती है तो वह कहते हैं,”मम्मी के रोटी से भी ज्यादा गोल रोटी है।” इस वीडियो में वैभव पहले रोटी बेलते हैं और फिर गैस पर उसे पकाते हुए भी नजर आ रहे हैं। शायद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स को यह वीडियो पसंद नहीं आया और उन्होंने गुस्सा भी जाहिर किया।
क्यों भड़क उठे यूजर्स?
दरअसल राजस्थान रॉयल्स की टीम लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है और पिछले सात में से पांच मुकाबले हार चुकी है। अक्सर टीम को वैभव के ऊपर निर्भर होते भी देखा गया है। इन्हीं दोनों बातों से यूजर्स भड़क गए। एक ने लिखा कि,”प्रैक्टिस पर ध्यान दो”, तो दूसरे ने लिखा,”भाई मैच तो जीतो।” वहीं एक यूजर तो बुरी तरह भड़का नजर आया और उसने फ्रेंचाइजी को ही घेर लिया।
उस यूजर ने कहा,”15 साल के लड़के की कमाई पर पलने वाली तुम्हारी फ्रेंचाइजी, शर्म करो थोड़ी बहुत, कितना बेचोगे इस बेचारे बच्चे को। तुम सब तुम्हारी पूरी टीम इस एक बच्चे पर निर्भर है। शर्म नहीं आती उससे ऐसी वीडियोज बनवाते हुए।”
वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 में प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अभी तक 11 मैच खेलते हुए 11 पारियों में 440 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। इस सीजन वैभव का औसत 40.00, स्ट्राइक रेट 236.56 का रहा है। उन्होंने अभी तक 38 चौके और सबसे ज्यादा 40 छक्के ठोके हैं।
Vaibhav Sooryavanshi vs Priyansh Arya: टीम इंडिया में डेब्यू के दोनों दावेदार, किसके आंकड़े बेहतर?
वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या दोनों ने पिछले दो आईपीएल सीजन में धूम मचाई है। वैभव को लगातार टीम इंडिया में डेब्यू करवाने की मांग उठ रही है तो टैलेंट और अनुभव में प्रियांश भी पीछे नहीं हैं। जानिए कैसे हैं दोनों के आंकड़े:-
