वैभव सूर्यवंशी का चयन अब टीम इंडिया में हो चुका है। आईपीएल 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भारतीय चयनकर्ता 15 वर्षीय खिलाड़ी को चुनने के लिए विवश थे। सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने भी अलग-अलग मौकों पर इस युवा स्टार की तारीफें की हैं। अब साउथ अफ्रीका के दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन ने बड़ा बयान देते हुए आने वाले समय उनके सचिन और विराट से भी बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी कर दी है।
एसए20 के पांचवें सीजन से पहले आयोजित समारोह में स्टेन ने यह बड़ा बयान दिया है। हालांकि, उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट को संभालकर इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो हम वैभव जैसे टैलेंट को खो भी सकते हैं। साथ ही वैभव के खिलाफ आईपीएल में कगिसो रबाडा द्वारा की गई प्लानिंग को उन्होंने बेस्ट बताया है।
क्या बोले डेल स्टेन?
डेल स्टेन ने कहा,”वैभव सूर्यवंशी अलग तरह के खिलाड़ी हैं। वह मौजूदा समय में भी कई इंटरनेशनल खिलाड़ियों से बेहतर प्लेयर हैं। यह वंडर ब्वॉय भारतीय क्रिकेट के लिए अमूल्य धरोहर हैं। आप लोग सचिन और विराट के बारे में सोचते हैं। यह बच्चा आने वाले समय में अपने करियर के अंत में इन दोनों (सचिन और विराट) से भी बड़ा क्रिकेटर बनने वाला है।”
स्टेन ने आगे बोर्ड और भारतीय मैनेजमेंट को नसीहत देते हुए कहा,”मैं इस बात के लिए अलर्ट करना चाहता हूं कि आप उनको (वैभव को) मैनेज कैसे करते हैं। आप कैसे उनका ध्यान रखते हैं यह भी देखने वाली बात होगी। बड़ी जिम्मेदारी के साथ बड़ा इनाम भी मिलता है। लेकिन इससे बड़ा खतरा भी है अगर आप उनका ध्यान नहीं रखेंगे तो आप उन्हें खो भी सकते हैं।”
रबाडा को वैभव के खिलाफ बताया कारगर
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन ठोके। उन्होंने रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए। जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, ट्रेंट बोल्ट, कगिसो रबाडा जैसे कई धाकड़ इंटरनेशनल गेंदबाजों की इस 15 साल के बल्लेबाज ने खबर भी ली। ऐसे में स्टेन का मानना है कि रबाडा की प्लानिंग सूर्यवंशी के खिलाफ सबसे सही थी।
उन्होंने कहा,”मुझे लगता है केजी (रबाडा) ने वैभव के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की और उनका टेस्ट भी लिया। आप उन्हें उछाल से टेस्ट कर सकते हैं। वह अभी युवा हैं। आज के समय में अपनी गति से डराना क्रिकेट में बड़ी बात नहीं है। इसलिए शॉर्ट बॉल ही उसके खिलाफ (वैभव के) अच्छा ऑप्शन है।”
वैभव सूर्यवंशी का बदला गियर: IPL में 327 गेंद में ठोके रिकॉर्ड 72 छक्के, श्रीलंका में 2 मैच की 34 गेंदों में नहीं लगाया एक भी छक्का
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को उन्हें टीम इंडिया में चुनने के लिए विवश किया। इंटरनेशनल सीरीज से पहले इंडिया ए के लिए वनडे ट्राई सीरीज में वैभव का गियर बदला हुआ नजर आ रहा है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
