बिहार का कद भारतीय क्रिकेट में पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ चुका है। एक वक्त था जब महाराष्ट्र और साउथ लॉबी का भारतीय क्रिकेट पर दबदबा होता था। पिछले कुछ सालों में दिल्ली, यूपी और अब बिहार का भी भारतीय क्रिकेट के अंदर वर्चस्व बढ़ने लगा है। वैभव सूर्यवंशी इस बात के जीता-जागता उदाहरण हैं। वैभव ने तो भारतीय क्रिकेट में दस्तक दे दी है। अब सवाल यह है कि वैभव के बाद कौन?
बिहार में जन्मे क्रिकेटरों के इतिहास की बात करें तो टीम इंडिया में सबा करीम, कीर्ति आजाद, महेंद्र सिंह धोनी से लेकर मौजूदा समय में इशान किशन, आकाशदीप, मुकेश कुमार ने भारतीय क्रिकेट में बिहार का नाम आगे बढ़ाया है। इसमें से आकाशदीप, मुकेश कुमार ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने शुरू से ही बिहार का नेतृत्व किया और आज टीम इंडिया के लिए भी अलग-अलग मौकों पर खेलते नजर आते हैं।
बिहार से देश को मिल सकते हैं ये नए सितारे
साकिब हुसैन
आईपीएल 2026 में अपने डेब्यू से ही शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज साकिब हुसैन का नाम इस लिस्ट में सबसे आगे है। गोपालगंज के रबाडा के नाम से मशहूर साकिब के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 6 मैचों में 16 और टी20 क्रिकेट में 25 विकेट दर्ज हैं। आईपीएल 2026 में 15 विकेट लेकर इस खिलाड़ी ने खास छाप छोड़ी है। 21 वर्ष का यह सितारा आने वाले समय में भारतीय सेंसेशन बन सकता है।
बिपिन सौरभ
26 वर्ष का दाएं हाथ का यह बल्लेबाज बिपिन सौरभ भी आने वाले समय में भारतीय टीम का हिस्सा बन सकता है। फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए में इस खिलाड़ी ने बिहार के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बिपिन सौरभ के नाम 43 पारियों में 1613 रन दर्ज हैं जिसमें 5 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। 177 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। जबकि लिस्ट ए में उन्होंने 24 पारियों में 734 रन बनाए हैं।
सकीबुल गनी
बिहार के लिए सैयद मुश्ताक अली, विजय हजारे और रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 26 वर्षीय सकीबुल गनी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने बिहार की कप्तानी करते हुए 32 गेंद पर शतक भी पिछले सीजन में लगाया था। इसके अलावा वह फर्स्ट क्लास ट्रिपल सेंचुरी भी लगा चुके हैं। गनी के नाम 47 फर्स्ट क्लास पारियों में 2143 रन दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 341 रन है। जबकि लिस्ट ए में 35 पारियों में उन्होंने 1065 रन और 35 टी20 पारियों में 986 रन बनाए हैं।
हर्ष राज
26 वर्षीय हर्ष राज का नाम टी20 क्रिकेट में बिहार का उभरता हुआ नाम है। उन्होंने हाल ही में झारखंड टी20 में अपनी फिरकी से सभी को हैरान किया है। तीन मैचों में उन्होंने 6 विकेट झटके हैं। इसके अलावा बिहार के लिए उनको ज्यादा मौके अभी नहीं मिले हैं। मगर उनका टी20 का प्रदर्शन अगर ऐसे जारी रहा तो आने वाले समय में उन्हें आईपीएल में एंट्री मिल सकती है।
आशीर्वाद सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने तो अपनी दावेदारी दिखाते हुए टीम इंडिया में चयन पा लिया है। अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने 10 साल की उम्र में ही सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी हैं। ताजपुर की एक एकेडमी के लिए खेलते हुए हाल ही में आशीर्वाद ने एक शतक ठोका था। वैभव ने भी उनके लिए खास पोस्ट किया था। हाल ही में वैभव के सेलेक्शन के बाद पिता संजीव ने कहा था कि जल्दी है छोटे बेटे को भी तैयार कर देंगे। यानी बिहार के बॉस बेबी वैभव की राह पर ही उनका छोटा भाई आशीर्वाद निकल चुका है, आने वाले समय में वह भी भारतीय टीम का नेतृत्व कर सकते हैं।
20 चौके, 1 छक्का, 87 गेंद, 103 रन: वैभव सूर्यवंशी की राह पर छोटा भाई आशीर्वाद, जड़ा धुआंधार शतक
वैभव सूर्यवंशी की राह पर अब उनका छोटा भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी बढ़ चुका है। भाई उज्जवल और पिता संजीव ने आशीर्वाद के शतक की तस्वीरें और स्कोरकार्ड शेयर किया। आशीर्वाद ने 87 गेंद पर 103 रन की पारी खेली जिसमें 20 चौके और एक छक्का था। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
