वैभव सूर्यवंशी 15 साल की उम्र में ही बड़ा नाम बन गए हैं। अंडर-19 क्रिकेट हो या इंडियन प्रीमियर लीग या फिर इंडिया ए की सीरीज उन्होंने अपनी काबिलियत का परचम हर प्लेटफॉर्म पर लहराया है। वैभव ने रविवार (22 जून) को श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल के दौरान अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने 50 ओवरों के मैच में टी20 जैसी बल्लेबाजी की। सिर्फ 29 गेंद पर 94 रन ठोक दिए।

वैभव सूर्यवंशी ने यह पारी खेलकर एक बार फिर खुद बड़े मैच का खिलाड़ी साबित किया। उनके छोटे से करियर में देखने को मिला है कि करो या मरो वाले मैचों में उनका बल्ला जरूर बोलता है। वह इन मैचों में काफी विस्फोटक बल्लेबाजी करते हैं। इसका पहला उदाहरण साल की शुरुआत में अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में देखने को मिला।

हरारे में 80 गेंद पर 175 रन

वैभव सूर्यवंशी ने हरारे में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद पर 175 रन ठोक दिए थे। आयुष म्हात्रे की अगुआई वाली टीम यह मैच 100 रनों से जीतकर खिताब अपने नाम की थी। इसके बाद वैभव ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर में 29 गेंद पर 97 रन ठोके थे। राजस्थान रॉयल्स ने यह मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 रनों से जीता था।

आईपीएल क्वालिफायर-2 में 47 गेंद पर 96 रन

इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंद पर 96 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, इस मैच में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। फिर वैभव का बल्ला त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ चला। उन्होंने 29 गेंद पर 94 रन बनाए। इंडिया ए ने यह मैच 66 रनों से जीतकर सीरीज अपने नाम की।

वैभव सूर्यवंशी ने पास किया वनडे का टेस्ट

वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में हुई वनडे ट्राई सीरीज में 50 ओवर के क्रिकेट का टेस्ट बखूबी पास कर लिया है। उन्होंने सीरीज के पांच मैचों में 211 रन ठोक तबाही मचा दी है। फाइनल में 29 गेंद पर 94 रन की पारी से उन्होंने धमाल मचा दिया। पूरी खबर पढ़ें