वैभव सूर्यवंशी का तूफान आईपीएल 2026 में जिस तरह का रहा है उसके आगे राजस्थान रॉयल्स के अन्य बल्लेबाजों का योगदान काफी कम नजर आया है। यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल ने भी इस सीजन 400 करीब रनों का आंकड़ा लीग स्टेज में छुआ, मगर चर्चा हर तरफ वैभव के नाम की ही थी। इसी को लेकर दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स की ओपनिंग जोड़ी यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी पर बड़ा बयान दिया है।

अश्विन का एक तरीके से यह मानना है कि वैभव के कारण यशस्वी को नुकसान हुआ है। क्योंकि वैभव सूर्यवंशी जिस तेजी से खेलते हैं और गेंदबाजों का धागा खोलते हैं, यशस्वी उनकी रफ्तार को मैच नहीं कर पाए। इसी कारण अश्विन ने जायसवाल के प्रदर्शन पर हैरानी भी व्यक्त की। पिछले कई सालों से यशस्वी राजस्थान के पोस्टर ब्वॉय थे और हमेशा चर्चा में रहते थे। आईपीएल 2025 में वैभव की एंट्री के बाद से अब हर तरफ चर्चा वैभव सूर्यवंशी की ही है।

क्या बोले रविचंद्रन अश्विन?

रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,”मैं राजस्थान रॉयल्स की टीम में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन को देखकर हैरान था। मुझे हैरानी इसलिए हुई क्योंकि मैंने उनसे बहुत ज्यादा उम्मीदें लगाई थीं। मुझे बहुत विश्वास था, लेकिन मुझे अभी भी ऐसी अनुभूति हो रही है कि वैभव सूर्यवंशी के प्रदशर्न से जायसवाल का खेल दबा और उन्हें नुकसान हो गया।”

अश्विन ने आगे कहा,”मैं यशस्वी जायसवाल को अच्छी बल्लेबाजी करते देखना चाहता हूं क्योंकि उनके पास क्षमता है, लेकिन इस बार राजस्थान रॉयल्स की कहानी सिर्फ वैभव सूर्यवंशी के बारे में ही रही। जिस दिन जोफ्रा आर्चर की जरूरत थी उस दिन उनके परफॉर्मेंस के बाद वह चर्चा में रहे।”

वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा की जोड़ी से तुलना

अश्विन ने इसके बाद यशस्वी और वैभव की जोड़ी की तुलना वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा की पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनिंग जोड़ी से की। उन्होंने कहा,”अगर आपको याद हो कि वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा की टेस्ट मैच में जोड़ी थी। जिसमें आकाश चोपड़ा अच्छा खेलते थे और 30,40 रन का हमेशा अच्छा स्टार्ट देते थे, लेकिन वीरेंद्र सहवाग का बल्लेबाजी करने का तरीका और उनके रनों के आगे आकाश चोपड़ा की कहीं चर्चा नहीं होती थी। यही कारण है कि वैभव की बैटिंग के आगे यहां जायसवाल ऑफ द लाइट हो गए।”

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 छक्के और 50 चौके लगाए। उनके बल्ले से 14 पारियों में 232.50 के सर्वाधिक स्ट्राइक रेट से 583 रन निकले। वहीं जायसवाल ने 14 पारियों में 159.43 के स्ट्राइक रेट से 397 रन बनाए जिसमें 48 चौके और 18 छक्के शामिल थे। यशस्वी का प्रदर्शन भी इस सीजन ठीकठाक रहा लेकिन वैभव के बेहतरीन शो के आगे फीका पड़ गया।

IPL 2026 के बाद हार्दिक समेत 4 कप्तानों की जा सकती है कुर्सी, संजू सैमसन बनेंगे कप्तान? दिग्गज ने की भविष्यवाणी

आईपीएल 2026 के बाद चार कप्तानों की कुर्सी छिन सकती है। इसकी भविष्यवाणी एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने की है। उन्होंने लिस्ट में हार्दिक पंड्या और ऋतुराज गायकवाड़ का नाम शामिल किया है। साथ ही संजू को कप्तान बनाने की बात भी कही है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर