वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता है। क्वालिफायर 2 में हारकर राजस्थान रॉयल्स की टीम भले बाहर हो गई, लेकिन वैभव के लिए हर किसी को बुरा लगा। वैभव सूर्यवंशी ने 16 मैचों की 16 पारियों में 776 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 327 गेंदों का सामना करते हुए ही इस सीजन बेहतरीन बल्लेबाजी की। इसमें उनके रिकॉर्ड 72 छक्के भी शामिल हैं। अभी तक एक आईपीएल सीजन में कोई भी खिलाड़ी 60 छक्के तक नहीं लगा पाया था। उनके निशाने पर इस सीजन के अंत में पांच बड़े अवॉर्ड हैं।

खास बात यह है कि उसमें से दो मामलों में वैभव इतना आगे हैं कि फाइनल के बाद भी कोई भी खिलाड़ी उनको पार नहीं कर पाएगा। वैभव सूर्यवंशी के नाम इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के दर्ज हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी इस सीजन सबसे ज्यादा है। यानी यह दो अवॉर्ड तो वैभव के पक्के हैं। उससे पहले आइए जानते हैं वैभव किन 5 अवॉर्ड्स को अपने नाम कर सकते हैं:-

वैभव के निशाने पर ये 5 अवॉर्ड और कितनी प्राइज मनी

1- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन: इस अवॉर्ड के रूप विनर को 10 लाख रुपये और चमचमाती स्पॉनसर कार मिलती है। वैभव सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट इस सीजन सबसे ज्यादा और उनके नाम एक आईपीएल सीजन में सबसे अधिक स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। उन्होंने आईपीएल 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके आसपास भी कोई खिलाड़ी नहीं है। यानी वैभव का इस अवॉर्ड को जीतना लगभग तय है।

2- सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन: एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी अपने नाम कर चुके हैं। मौजूद सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाए हैं और उनके आसपास कोई भी नहीं है। दूसरे नंबर पर काबिज अभिषेक शर्मा 43 और रजत पाटीदार ने 41 छक्के लगाए हैं। यानी दूर-दूर तक कोई उन्हें पीछे नहीं छोड़ पाएगा। इस अवॉर्ड के लिए 10 लाख रुपये मिलते हैं और वैभव का यह अवॉर्ड पाना लगभग तय है।

3- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन: यह अवॉर्ड युवा और अनकैप्ड टैलेंट को दिया जाता है। इस लिस्ट का मानक वह खिलाड़ी हैं जिनका 1 अप्रैल 2000 के बाद जन्म हुआ और इस सीजन से पहले 25 से कम आईपीएल मैच खेले हैं और उन्होंने इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उस मामले में प्रिंस यादव, प्रियांश आर्या, अंगकृष रघुवंशी जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। वैभव का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। हालांकि, वैभव का प्रदर्शन इन सबसे बेहतरीन रहा है, मगर यह अवॉर्ड किसे मिलेगा, यह देखने वाली बात होगी। इसमें अवॉर्ड के रूप में 20 लाख रुपये दिए जाते हैं।

4- मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन: इस अवॉर्ड को टीम के सबसे उपयोगी और अहम खिलाड़ी को दिया जाता है। इसके तहत अवॉर्ड स्वरूप 15 लाख रुपये मिलते हैं। वैभव के इस सीजन सबसे ज्यादा 436.5 अंक हैं। कगिसो रबाडा के 408 पॉइंट्स हैं। अगर रबाडा ने फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन किया तो वह वैभव से आगे निकल सकते हैं। फिलहाल वैभव के निशाने पर यह अवॉर्ड भी है।

5- ऑरेंज कैप (सबसे ज्यादा रन): वैभव सूर्यवंशी 776 रन के साथ टॉप पर मौजूद हैं। शुभमन गिल के 722 और साई सुदर्शन के 710 रन हैं। फाइनल में अगर सुदर्शन 67 से कम रन बनाते हैं और गिल 45 से कम रन बनाते हैं तो ऑरेंज कैप पर वैभव का ही कब्जा रह सकता है। वैभव सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। इसके विनर को भी 10 लाख रुपये का कैश अवॉर्ड मिलता है।

IPL 2026 Prize Money: चैंपियन-रनर अप पर करोड़ों की बारिश, वैभव सूर्यवंशी भी हो सकते हैं मालामाल

आईपीएल 2026 की प्राइज मनी से कई टीमें और कई खिलाड़ी मालामाल हो सकते हैं। क्वालिफायर 2 और एलिमिनेटर में हारने वाली टीमों के साथ वैभव सूर्यवंशी पर भी धनवर्षा होने वाली है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर