पाकिस्तान की टीम एक तरफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 से शनिवार रात बाहर हो गई। वहीं रविवार सुबह पाकिस्तान के एक गेंदबाज ने अपना रिटायरमेंट वापस लेने का फैसला किया है। पाकिस्तानी लेग स्पिन गेंदबाज उस्मान कादिर ने रविवार 1 मार्च की सुबह अचानक अपना रिटायरमेंट वापस लिया और खुद को सभी फॉर्मेट में खेलने के लिए राष्ट्रीय टीम के लिए उपलब्ध बताया।

31 वर्षीय उस्मान ने 3 अक्टूबर 2024 को रिटायरमेंट लिया था और अब अपने फैसले से यू-टर्न मारा है। पाकिस्तानी स्पिनर के यू-टर्न के इस फैसले पर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। उस्मान कादिर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया में उनके प्रदर्शन ने उन्हें रिटायरमेंट वापस लेने के लिए प्रेरित किया।

वहीं एक यूजर ने इस पर कमेंट करते हुए लिखा,’पाकिस्तान की यू-टर्न लेने की आदत एक पुरानी कहानी है।’ गौरतलब है कि विश्व कप से पहले पाकिस्तान की सरकार ने भारत के खिलाफ खेलने से मना किया था और बाद में यू-टर्न मारते हुए यह फैसला वापस लिया था।

कौन हैं उस्मान कादिर?

उस्मान कादिर पाकिस्तान के एक लेग स्पिन गेंदबाज हैं। वहीं उनके पिता अब्दुल कादिर पाकिस्तान के जाने-माने लेग स्पिनर थे। सचिन तेंदुलकर और अब्दुल कादिर की कहानियां काफी मशहूर भी हैं। अगर उस्मान की बात करें तो उन्होंने 2020 में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इसके बाद साल 2021 में उन्हें वनडे डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने सिर्फ एक ही एकदिवसीय मुकाबला खेला था।

उस्मान ने पाकिस्तान के लिए कुल 25 टी20 इंटरनेशनल में 31 विकेट लिए थे। वहीं एक वनडे में उनके नाम एक विकेट दर्ज था। अब एक तरफ पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद सवालों के घेरे में है। टीम में काफी तख्तापलट देखने को भी मिल सकते हैं। दूसरी तरफ उस्मान कादिर का रिटायरमेंट वापस लेने का फैसला फायदेमंद भी साबित हो सकता है।

IND vs WI: बारिश बिगाड़ेगी टीम इंडिया का खेल? जानें कोलकाता के मौसम का पूर्वानुमान और पिच रिपोर्ट
IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज मैच का सीधा प्रसारण, ऐसे देखें टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 मैच का लाइव टेलीकास्ट