श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर शेहान जयसूर्या को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अमेरिका की टीम में चुना गया है। 34 साल के जयसूर्या बाएं हाथ से बैटिंग करते हैं और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्हें इस टूर्नामेंट के लिए मोनांक की अगुआई वाली अमेरिका की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगी।

जयसूर्या ने 2015 से 2020 तक श्रीलंका के लिए 12 वनडे और 18 टी20 खेले। वह स्क्वाड के दो खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें अभी तक अमेरिका के लिए एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। दूसरे खिलाड़ी 29 साल के पेशावर में जन्मे लेगस्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर मोहम्मद मोहसिन हैं। उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है।

10 खिलाड़ी थे 2024 टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा

अमेरिका की टीम में पुणे में जन्मे बल्लेबाज शुभम रंजने भी हैं। उन्होंने अमेरिका के लिए चार वनडे खेले हैं, लेकिन अभी तक टी20 में डेब्यू नहीं किया है। वह वसंत रंजने के पोते हैं, जो मीडियम-पेसर थे और उन्होंने 1958 से 1964 तक भारत के लिए सात टेस्ट मैच खेले थे। इस टीम में 10 ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका के सुपर 8 स्टेज तक पहुंचने वाली टीम का हिस्सा थे।

भारत का ये बल्लेबाज T20 वर्ल्ड कप में बनाएगा सबसे ज्यादा रन, इरफान ने की भविष्यवाणी

आरोन जोन्स टीम में नहीं

इनमें एंड्रीज गौस और सौरभ नेत्रवलकर शामिल हैं, जो उस टूर्नामेंट में टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे। कप्तान मोनांक पटेल भी टीम का हिस्सा थे। हालांकि, स्टार बल्लेबाज आरोन जोन्स टीम में नहीं हैं, क्योंकि उन पर आईसीसी और क्रिकेट वेस्टइंडीज के एंटी-करप्शन कोड के तहत आरोप लगे हैं और उन्हें सभी तरह की क्रिकेट से सस्पेंड कर दिया गया है।

भारत से खिलाफ अमेरिका का पहला मैच

अमेरिका क्रिकेट अभी आईसीसी द्वारा सस्पेंड है, इसलिए टीम को हेड कोच पुबुदु दासनायके की अगुवाई वाले एक पैनल ने चुना। इस चयन को अमेरिका की ओलंपिक और पैरालंपिक कमेटी (USOPC) द्वारा नियुक्त एक कंप्लायंस ऑफिसर ने देखा। अमेरिका ग्रुप ए में पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड और डिफेंडिंग चैंपियन भारत के साथ है। वह टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई में को-होस्ट भारत के खिलाफ करेगा। फिर 10 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ेगा, जिसे उसने 2024 में हराया था। उनके आखिरी दो ग्रुप मैच चेन्नई में नीदरलैंड (13 फरवरी) और नामीबिया (15 फरवरी) के खिलाफ हैं।

टी20 विश्व कप 2026 के लिए अमेरिका की टीम

मोनांक पटेल (कप्तान), जसदीप सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयान जहांगीर, सैतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने।