भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से पहले अमेरिका की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, टीम के धाकड़ बल्लेबाज एरॉन जोन्स को आईसीसी ने कथित मैच फिक्सिंग के लिए कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया है। एरॉन जोन्स पर यह निलंबन बारबाडोस में आयोजित होने वाली BIM10 लीग के 2023-24 सीजन में कथित फिक्सिंग की वजह से लगा है।
काउंसिल ने आधिकारिक बयान में क्या कहा?
आईसीसी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, “इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (USA) के खिलाड़ी एरॉन जोन्स पर क्रिकेट वेस्ट इंडीज़ (CWI) और ICC के एंटी-करप्शन कोड के पांच उल्लंघनों का आरोप लगाया है। ये आरोप मुख्य रूप से 2023-24 में BIM10 टूर्नामेंट से संबंधित हैं, जो CWI एंटी-करप्शन कोड के अधिकार क्षेत्र में आता है, साथ ही दो अन्य आरोप इंटरनेशनल मैचों (ICC कोड के अधिकार क्षेत्र में आने वाले) से संबंधित हैं।
T20 वर्ल्ड कप के लिए मचाई हाय तौबा, अब इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने भारत आएगा बांग्लादेश
जोन्स को 14 दिन का मिला है समय
एरॉन जोन्स आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा जोन्स 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका की उस टीम का भी हिस्सा थे जो सुपर 8 में पहुंची थी। ICC ने एक बयान में कहा है, “एरॉन जोन्स को तुरंत सभी क्रिकेट से कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया है और उनके पास आरोपों का जवाब देने के लिए 28 जनवरी 2026 से 14 दिन का समय है।”
जोन्स का सस्पेंशन अमेरिका के लिए झटका
न्यूयॉर्क में जन्मे 31 साल के एरॉन जोन्स का अस्थायी रूप से सस्पेंड होना टीम के लिए एक बड़ा झटका है। जोन्स खतरनाक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने USA के लिए 52 ODI और 48 T20 खेले हैं। टी20 में उनका स्ट्राइक रेट 114 का है। वह लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अमेरिका के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच पिछले साल अप्रैल में खेला था।
