रणजी ट्रॉफी 2026 के चौथे चरण के ग्रुप सी के मुकाबले में गुजरात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केरल को पारी और 58 रन से हरा दिया। गुजरात की जीत में उर्विल पटेल के दोहरे शतक साथ ही अरजन नागवासवाला की शानदार गेंदबाजी (8 विकेट) की अहम भूमिका रही। केरल के लिए सचिन बेबी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, कप्तान विष्णु विनोद, आदित्य सरवाटे ने अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
इस मुकाबले में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और उसके बाद उर्विल पटेल के दोहरे शतक की मदद से 9 विकेट पर 534 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी। इसके जवाब में केरल की टीम पहली पारी में 279 रन के स्कोर पर आउट हो गई और गुजरात को 255 रन की लीड मिली। गुजरात ने केरल को फॉलोऑन दे दिया और फिर केरल की टीम दूसरी पारी में 197 रन के स्कोर पर आउट हो गई और उसे हार मिली।
उर्विल पटेल ने लगाया दोहरा शतक, अरजन को मिले 8 विकेट
गुजरात के लिए पहली पारी में उर्विल पटेल ने शानदार बैटिंग की और टीम के लिए सबसे बड़ा स्कोर बनाया। उन्होंने 227 गेंदों पर 6 छक्के और 17 चौकों की मदद से नाबाद 210 रन की पारी खेली तो वहीं आर्या देसाई ने 95 रन बनाए। इसके अलावा विशाल जायसवाल ने 77 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। गुजरात के लिए अरजन ने दोनों पारियों में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट लिए और इस मैच में उन्होंने कुल 8 विकेट हासिल किए।
सचिन बेबी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, विष्णु विनोद, आदित्य सरवाटे ने लगाए अर्धशतक
केरल की बात करें तो इस टीम के लिए पहली पारी में सचिन बेबी ने 42 रन, कप्तान विष्णु विनोद ने 66 रन, मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 57 रन जबकि आदित्य सरवाटे ने 58 रन की पारी खेली। वहीं दूसरी पारी में केरल के लिए सचिन बेबी ने 52 रन, विष्णु विनोद ने 39 रन जबकि आदित्य ने 30 रन बनाए, लेकिन ये सभी बल्लेबाज टीम की हार को नहीं टाल पाए। केरल की तरफ से इस मैच में पहली पारी में नेदुमानकुझी तुलसी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
शुभमन गिल नंबर 1, विराट कोहली की टॉप-10 में एंट्री; 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष दस बल्लेबाज
विराट कोहली ने कीवी टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली और वो 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-10 में शामिल हो गए। वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉप पर बने हुए हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
