यूपी टी20 लीग 2026 में लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने रविवार 23 अगस्त को एक खास उपलब्धि अपने नाम की। अनुभवी तेज गेंदबाज टूर्नामेंट के इतिहास में 400 से ज्यादा डॉट बॉल फेंकने वाले पहले गेंदबाज बन गए। मौजूदा सीजन के पांचवें मुकाबले के बाद भुवनेश्वर कुमार के नाम यूपी टी20 लीग में 35 मैचों में 408 डॉट बॉल हो गई हैं।

भुवनेश्वर कुमार ने यूपी टी20 लीग में अब तक 124 ओवर गेंदबाजी की है। इस दौरान 408 गेंदों पर बल्लेबाजों को कोई रन नहीं बनाने दिया। यह आंकड़ा टी20 जैसे तेज फॉर्मेट में उनकी निरंतरता और नियंत्रण को दर्शाता है।

हर सीजन में भुवनेश्वर कुमार का दबदबा

भुवनेश्वर कुमार का यूपी टी20 लीग में प्रदर्शन किसी एक सीजन तक सीमित नहीं रहा है। भुवनेश्वर कुमार ने पहले सीजन में नौ मैचों में 118 डॉट गेंदें फेंकी थीं। दूसरे सीजन में उन्होंने 11 मैच में 120 डॉट बॉल फेंकी।

भुवनेश्वर कुमार ने अपनी सटीक गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए तीसरे सीजन में 10 मैच में 117 डॉट बॉल फेंकीं। भुवनेश्वर कुमार ने मौजूदा चौथे सीजन में सिर्फ पांच मैच में ही 53 डॉट बॉल फेंकी हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी का प्रभाव हर सीजन में देखने को मिला है।

हर ओवर में औसतन तीन डॉट बॉल

भुवनेश्वर कुमार ने यूपी टी20 लीग में अब तक 124 ओवर में 408 डॉट बॉल फेंकी हैं। मतलब उन्होंने औसतन हर ओवर में तीन से ज्यादा डॉट बॉल फेंकी हैं। टी20 क्रिकेट में जहां बल्लेबाज लगातार रन बनाने के मौके तलाशते हैं, वहां इतनी बड़ी संख्या में गेंदों पर रन नहीं बनने देना गेंदबाज के नियंत्रण को दर्शाता है।

भुवनेश्वर कुमार की खासियत शुरुआती ओवरों में स्विंग हासिल करना और बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए मुश्किल गेंदें देना रही है। पावरप्ले के साथ-साथ पारी के अहम मौकों पर उनकी कसी हुई गेंदबाजी विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में अहम भूमिका निभाती है।

डॉट बॉल का क्यों है इतना महत्व?

टी20 क्रिकेट में एक डॉट बॉल सिर्फ एक गेंद पर रन नहीं बनने का आंकड़ा नहीं है। लगातार डॉट बॉल बल्लेबाज पर दबाव बढ़ाती है और उसे अगली गेंद पर जोखिम लेने के लिए मजबूर कर सकती है। ऐसे में विकेट मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है।

भुवनेश्वर कुमार भी लंबे समय से इसी रणनीति के जरिये बल्लेबाजों को परेशान करते रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार की सटीक लाइन और लेंथ बल्लेबाजों के लिए आसानी से रन बनाना मुश्किल करती है। यही वजह है कि यूपी टी20 लीग में भी वह लगातार प्रभावी साबित हुए हैं।

UPT20 League: रिंकू सिंह की टीम की लगातार छठी जीत, शीर्ष पर कायम, कानपुर सबसे नीचे, देखें अंक तालिका

UPT20 League Points Table: यूपी टी20 लीग 2026 के 16वें मैच के बाद मेरठ मावेरिक्स 6 जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। काशी रूद्रास 5 में से 3 मैच जीतकर दूसरे नंबर पर है। (पूरी अंक तालिका देखने के लिए क्लिक करें)