IND U19 vs PAK U19: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स चरण के मुकाबले में इंडिया अंडर 19 टीम ने पाकिस्तान अंडर 19 टीम को 58 रन से अंतर से हरा दिया और सेमीफाइनल में पहुंच गई। इस मैच में भारत की शुरुआत काफी खराब रही थी जब टीम के 3 विकेट सिर्फ 47 रन पर गिर गए थे। हालांकि भारतीय टीम के विकेट एक निश्चित अंतराल पर गिरते रहे, लेकिन वेदांत त्रिवेदी ने साहसिक पारी खेलते हुए टीम के लिए सबसे ज्यादा 68 रन बनाए।
कनिष्क चौहान का ऑलराउंड प्रदर्शन
भारतीय टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई थी और 49.5 ओवर में 252 रन पर आउट हो गई, लेकिन इस स्कोर तक टीम को ले जाने में आखिरी वक्त पर कनिष्क चौहान की भूमिका भी अहम रही जिन्होंने 29 गेंदों पर 35 रन बनाए और इस पारी को 1 छक्के और 4 चौकों के साथ संवारा। भारतीय गेंदबाजी भी शानदार रही जिसमें खिलान पटेल और कप्तान आयुष म्हात्रे ने 3-3 विकेट लिए, लेकिन जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब सबसे बड़ी पारी खेलने वाले वेदांत नहीं बल्कि ऑलराउंडर कनिष्क चौहान को दिया गया।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत में अगर सबसे बड़े योगदान की बात की जाए तो इसमें वेदांत का नाम सबसे ऊपर आएगा क्योंकि उनकी पारी ने भारत को पूरी तरह से संभालने का काम किया, लेकिन कनिष्क ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में सहयोग करते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया और प्लेयर ऑफ द मैच बने। कनिष्क ने पहले निचले क्रम पर उपयोगी बल्लेबाजी की और फिर गेंदबाजी में अपने स्पैल में 10 ओवर में 30 रन देते हुए एक सफलता भी हासिल की और उन्होंने पाकिस्तान के ओपनर हमजा जहूर को आउट किया जिन्होंने 42 रन बनाए।
सेमीफाइनल में भारत की अफगानिस्तान से होगी भिड़ंत
आपको बता दें कि इस मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 49.5 ओवर में 252 रन बनाए थे और इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत को जीत मिली। इस जीत के बाद भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली और अब उसका सामना अफगानिस्तान से होगा। सेमीफाइनल में भारत और अफगानिस्तान एक-दूसरे के खिलाफ 4 फरवरी को मैदान पर उतरेंगे। ये मैच हरारे में खेला जाएगा।
