Tokyo Olympics 2020 Updates 31 July 2021 9th Day: टोक्यो ओलंपिक में आज यानी 31 जुलाई 2021 को 9वां दिन था। नौवें दिन भारत की शुरुआत खराब रही। तीरंदाज अतानु दास और बॉक्सर अमित पंघल हारकर बाहर हो गए। दोनों को प्री-क्वार्टर फाइनल में हार झेलनी पड़ी।
इसके बाद भारतीय महिला मुक्केबाज पूजा रानी से भी पदक की उम्मीद टूट गई और क्वार्टरफाइनल में उन्हें चीन की कियान ली ने मात दी। इसके अलावा बैडमिंटन के सेमीफाइनल में भी पीवी सिंधु की हार के बाद गोल्ड या सिल्वर मेडल की उम्मीदें टूट गईं। अब उनका ब्रॉन्ज मेडल के लिए चीन की शटलर हे बिंगजिआओ के साथ मुकाबला होगा।
हालांकि, डिस्कस थ्रो में कमलप्रीत कौर ने कमाल कर दिया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है। साथ ही आयरलैंड की हार के बाद महिला हॉकी टीम ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
डिस्कस थ्रो में कमलप्रीत कौर ने ग्रुप बी में अपने तीसरे प्रयास में 64 मीटर का स्कोर किया। कमलप्रीत कौर भारत की ओर से यह रिकॉर्ड स्कोर करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने फाइनल में जगह बनाई। वह अब पदक की भी तगड़ी दावेदार मानी जा रही हैं। उन्होंने दूसरे प्रयास में 63.97 और पहले प्रयास में 60.25 मीटर का स्कोर किया था।
वहीं भारत की सीमा पूनिया का टोक्यो ओलंपिक का सफर खत्म हो गया। वह डिस्कस थ्रो में फाइनल में नहीं पहुंच पाईं। वह क्वालिफिकेशन राउंड में 16वें नंबर पर रहीं। सीमा ने अपने दूसरे प्रयास में 60 मीटर का स्कोर किया था। इसके अलावा भारतीय शूटर्स का टोक्यो ओलंपिक में निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में तेजस्विनि सावंत और अंजलि मौदगिल ने किया निराश। फाइनल राउंड में जगह बनाने में रहीं असफल।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम रविवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन का सामना करेगी। पूल स्टेज के बाद ग्रुप में नंबर दो पर रहने वाली भारतीय टीम से हर किसी को उम्मीद है कि 41 साल बाद पदक का इंतजार खत्म होगा।
महिला हॉकी इवेंट के पूल स्टेज में ग्रेट ब्रिटेन ने आयरलैंड को 2-0 से हरा दिया है। आयरलैंड की इस हार के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच चुकी है। जहां भारत का मुकाबला मजबूत ऑस्ट्रेलिया की टीम से होगा।
नोवाक जोकोविच को कल जहां सेमीफाइनल में एलेक्जेंडर ज्वेरेव से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं 20 बार के ग्रैडस्लैम चैंपियन को आज ब्रॉन्ज मेडल मैच में स्पेन के करेनो बुस्टा (Carreno Busta) ने भी मात दी। इसके अलावा मिक्स्ड डबल्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच से पहले उनकी पार्टनर नीना स्टोजैनोविच ने अपना नाम वापस ले लिया था।
सेमीफाइनल में हार के बाद पीवी सिंधु का मुकाबला ब्रांज मेडल के लिए चीन की हे बिंगजिआओ के साथ होगा। ये मुकाबला कल खेला जाएगा। अगर सिंधु ये मैच जीत जाती हैं तो वे भारत के लिए एक ब्रॉन्ज पक्का कर देंगी।
महिला बैडमिंटन एकल स्पर्धा में पीवी सिंधु को चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग ने सीधे गेम में 21-18,21-12 से हराया। इसी के साथ भारत की गोल्ड और सिल्वर की एक और उम्मीद टूटी।
पीवी सिंधु और ताइ जू यिंग के बीच सेमीफाइनल मुकाबला जारी है। दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में भी पीवी सिंधु ताजा स्कोर तक 16-9 से पिछड़ रही हैं।
महिला बैडमिंटन एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पीवी सिंधु पहले गेम में चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग से पिछ़ड़ गईं। 21-18 से यिंग ने पहला गेम जीता। सिंधु को दूसरे गेम में करनी होगी वापसी अगर मैच में बने रहना है।
महिला बैडमिंटन की एकल स्पर्धा में पीवी सिंधु और चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग के बीच कांटे का सेमीफाइनल मुकाबला जारी है। ताजा स्कोर के अनुसार पहले गेम में मुकाबला 14-14 की बराबरी पर है।
सेमीफाइनल मुकाबले के पहले गेम में भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने 11-8 से ताइ जू यिंग के खिलाफ बढ़त बनाई। पहले गेम के हाफ टाइम तक सिंधु ने शानदार खेल दिखाया और चीनी ताइपे की शटलर पर हावी रहीं।
सेमीफाइनल मुकाबले के पहले राउंड में पीवी सिंधु को ताइ जू यिंग के खिलाफ 5-2 की मिली बढ़त। पहला गेम दोनों शटलर के बीच जारी।
पीवी सिंधु और चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग के बीच सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। ताजा स्कोर 2-2 की बराबरी पर।
भारतीय मुक्केबाज पूजा रानी की हार के बाद भारत के एक और पदक की उम्मीद टूट गई है। क्वार्टरफाइनल में चीन की कियान ली ने उन्हें मात दी है।
दूसरे राउंड में भी भारतीय बॉक्सर पूजा रानी चीन की कियान ली से पिछड़ी। इस राउंड में भी पूजा को 45 अंक मिले और उनकी प्रतिद्वंदी को मिले 50 अंक। दोनों राउंड गंवाने के बाद तीसरे राउंड पर सबकी नजर।
क्वार्टरफाइनल में इंडियन बॉक्सर पूजा रानी और चीन की कियान ली के बीच मुकाबला जारी है। पहले राउंड में चीनी बॉक्सर को पांचों जज ने 10-10 अंक दिए वहीं पूजा रानी को सभी ने 9-9 अंक दिए। पूजा पहले राउंड के बाद 45-50 से पिछड़ी।
महिला मुक्केबाजी स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल में इंडियन बॉक्सर पूजा रानी और चीन की कियान ली के बीच मुकाबला जारी। पहला राउंड हुआ खत्म। पूजा रानी 45-50 से पिछड़ी।
भारतीय मुक्केबाज पूजा रानी और उनकी प्रतिद्वंदी चीन की कियान ली के बीच अंतिम-8 का मुकाबला शुरू। दोनों मुक्केबाजों के बीच पहला राउंड जारी।
पीवी सिंधु और चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग के बीच टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन एकल स्पर्धा का दूसरा सेमीफाइनल कुछ ही देर में शुरू होगा। पहला सेमीफाइनल खत्म होने के बाद शुरू होगा ये मुकाबला।
भारतीय महिला बॉक्सर पूजा रानी का मुकाबला अंतिम-8 में आज चीन की ली के साथ है। अगर पूजा आज जीत दर्ज करती हैं तो वे सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगी और भारत का कम से कम एक पदक और पक्का हो जाएगा।
भारतीय शटलर पीवी सिंधु और ताइ जू यिंग के बीच सेमीफाइनल मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। दोनों खिलाड़ियों के बीच ये 19वीं भिड़ंत होगी। रियो ओलंपिक के प्री क्वार्टर में सिंधु ने यिंग को दी थी मात।
भारतीय महिला हॉकी टीम दो जीत के साथ अपने पूल में चौथे पायदान पर है। अगर आज आयरलैंड की टीम ब्रिटेन से जीत जाती है तो गोल के अंतर के मुताबिक भारत बाहर हो जाएगा। अगर आयरलैंड की हार होती है तो भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी।
रियो ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट भारतीय महिला शटलर पीवी सिंधु आज टोक्यो ओलिंपिक की महिला बैडमिंटन एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में विश्व नंबर नंबर एक चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से भिड़ेंगी। हेड टू हेड रिकॉर्ड के अनुसार इससे पहले 18 मुकाबलों में सिंधु को 13 बार हार का सामना करना पड़ा है वहीं 5 बार जीत मिली है।
टोक्यो ओलंपिक में भारत के शूटर्स का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। आज भारतीय महिला शूटर अंजुम मौदगिल और तेजस्विनी सावंत महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन फाइनल में पहुंचने में असफल रहीं। भारतीय निशानेबाज अंजुम मौदगिल और तेजस्विनी सावंत शनिवार को यहां ओलंपिक में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में क्रमश: 15वें और 33वें स्थान के साथ फाइनल्स में जगह बनाने में नाकाम रहीं।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने निचली रैंकिग वाली दक्षिण अफ्रीका टीम को आखिरी ग्रुप मैच में 4-3 से हराकर ओलंपिक क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की उम्मीदें कायम रखी हैं। भारत के लिए वंदना कटारिया ने तीन, जबकि नेहा गोयल ने एक गोल किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए टैरिन ग्लास्बी, कप्तान एरिन हंटर और मारिजेन मराइस ने गोल दागे। भारत को अब दुआ करनी होगी कि आखिरी ग्रुप मैच में आयरलैंड की टीम ब्रिटेन से हार जाये या ड्रॉ खेले।
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी आज इतिहास रच सकती हैं। आज दोपहर 3:20 बजे उनका सेमीफाइनल मुकाबला है। वह सेमीफाइनल में ताइवान की ताई जू सिंग के खिलाफ उतरेंगी। यदि वह सेमीफाइनल में ताई को हार देती हैं तो लगातार दो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।
बॉक्सिंग में भारत का आज एक और मेडल पक्का हो सकता है। आज भारत की पूजा रानी का क्वार्टर फाइनल मुकाबला होना है। पूजा रानी अगर आज जीतने में सफल हो जाती हैं तो टोक्यो ओलंपिक में बॉक्सिंग में भारत का दूसरा पदक पक्का हो जाएगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल कर ली है। वंदना कटारिया की हैट्रिक के दम पर भारत ने 4-3 से इस मैच को अपने नाम किया। भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारत ने शुक्रवार को आयरलैंड को हराया था। भारतीय महिला हॉकी टीम इस जीत के साथ क्वार्टर फाइनल की रेस में बनी हुई है। हालांकि, उसे अब आयरलैंड की हार के लिए दुआ करनी होगी।
भारत ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फिर बढ़त बनाई। वंदना कटारिया ने चौथे मिनट में गोल किया। इसके साथ ही मैच का स्कोर 4-3 से भारत के पक्ष में हो गया। मैच खत्म होने में अभी 11 मिनट बाकी हैं। भारत को यह बढ़त बरकरार रखनी होगी। वंदना का इस मैच में यह तीसरा गोल है।
भारतीय महिला हॉकी टीम मुश्किल में फंसती दिख रही है। तीसरे क्वार्टर में भी दक्षिण अफ्रीका वापसी करने में कामयाब हो गया है। अब मुकाबला 3-3 से बराबरी पर है। आखिरी क्वार्टर में भारत को हर हाल में बढ़त बनाकर जीत हासिल करनी होगी। भारत अगर आज जीत हासिल नहीं कर पाता है तो उसका क्वार्टर फाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा।
भारत ने तीसरे क्वार्टर में फिर से मजबूत तरीके से वापसी की। भारत अब 3-2 की बढ़त बना चुका है। भारत को हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने बढ़त बनाकर रखनी होगी। भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए आज का मुकाबला हर हाल में जीतना जरूरी है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में गोल करके 2-1 से बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में दक्षिण अफ्रीका ने गोल करके मैच को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। भारत को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना होगा।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में शानदार आगाज किया। उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा गोल किया। वंदना ने दूसरा गोल करके भारतीय टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी है। भारतीय महिला हॉकी टीम को दक्षिण अफ्रीका के ऊपर दबाव बनाकर रखना होगा। भारत अभी टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना पाया है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले क्वार्टर के आखिर में शानदार वापसी की। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबले को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। हालांकि, भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बरकरार रखा हुआ है।
भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले के शुरुआती पांच मिनट में ही दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह इन्हें गोल में बदलने में नाकाम रही। पिछले 16 पेनल्टी कॉर्नर पर भारत एक भी गोल हासिल नहीं कर पाया है। आयरलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने 14 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए थे।
हॉकी में भारतीय महिला टीम मैदान में है। उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से है। भारतीय टीम ने कल आयरलैंड को मात देकर अगले राउंड में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए उसको आज हर हाल में दक्षिण अफ्रीका को हराना होगा। भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले क्वार्टर में अटैक के साथ शुरुआत की है। दूसरे मिनट में ही भारत पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में कामयाब रहा। भारत जितने बड़े गोल अंतर से इस मुकाबले को जीतने में कामयाब होगा उतनी ही उसकी आगे की राह आसान हो जाएगी।
वहीं, पदक की दावेदार मानी जा रहीं भारत की सीमा पूनिया की चुनौती समाप्त हो गई। सीमा पूनिया डिस्कस थ्रो में फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाईं। वह क्वालिफिकेशन राउंड में 16वें नंबर पर रहीं। उनका टोक्यो ओलंपिक में सफर समाप्त हो गया।
कमलप्रीत कौर ने डिस्कस थ्रो में इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 64 मीटर का स्कोर किया। कमलप्रीत कौर भारत की ओर से यह रिकॉर्ड स्कोर करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इसके साथ ही कमलप्रीत कौर ने फाइनल में जगह बनाई। यही नहीं, वह अब पदक की भी तगड़ी दावेदार मानी जा रही हैं।