T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज पूर्व बैटर सुनील गावस्कर ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में यूएसए पर भारत की जीत के बाद तिलक वर्मा के शांत और मैच्योर रवैये की तारीफ की। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 29 रनों की जीत के साथ की। यूएसए ने चेज के दौरान भारत के लिए मुश्किल पैदा की थी, लेकिन टीम इंडिया ने आखिरकार इस टीम को 9 विकेट पर 132 रन पर रोक दिया।

तिलक वर्मा हैं ‘स्ट्रीट स्मार्ट क्रिकेटर’

यूएसए के खिलाफ जहां कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच जिताने वाली 84 रन की नाबाद पारी खेली तो वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लेकर 29 रन देकर प्रभावित किया। इस मुकाबले के बाद सुनील गावस्कर ने तिलक वर्मा की पारी की तारीफ की क्योंकि उन्होंने दवाब को अच्छे से संभाला और जब भारत मुश्किल में था तो पारी को आगे बढ़ाने में काफी मदद की। जियोस्टार पर बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि तिलक वर्मा बहुत ही स्ट्रीट-स्मार्ट क्रिकेटर हैं। उन्होंने न सिर्फ अपनी बैटिंग स्किल्स या शॉट्स की रेंज से बल्कि इससे भी प्रभावित किया कि उन्हें कब, कहां और कैसे खेलना है।

गावस्कर ने आगे कहा कि तिलक वर्मा जब दूसरे ओवर में बैटिंग करने आए जब टीम के मुख्य आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आउट हो गए थे। उस समय तिलक जानते थे कि उन्हें जवाबी हमला करना है, लेकिन बिना कोई बड़ा रिस्क लिए। वह बहुत ज्यादा आक्रामक नहीं हो रहे थे बल्कि सोच-समझकर मौके ले रहे थे। उन्होंने मिड-ऑन के ऊपर से चिप शॉट खेला क्योंकि उन्हें पता था कि फील्डर सर्कल के अंदर है। वह छक्का मारने की कोशिश नहीं कर रहे थे, सिर्फ बाउंड्री मारना चाहते थे। तिलक उस तरह के खिलाड़ी हैं जो आपका साथ देंगे।

बुमराह की होगी टीम में वापसी

गावस्कर ने कहा कि हमने यह एशिया कप फाइनल में भी देखा, जहां उन्होंने समय लिया और फिर आखिर में धमाका किया। इसलिए अगर उनके जैसा कोई खिलाड़ी पहले छह ओवरों में आता है और 14वें या 15वें ओवर तक क्रीज पर रहता है तो आप काफी हद तक पक्का हो सकते हैं कि भारत 200 रनों के करीब पहुंच जाएगा। नामीबिया के खिलाफ मैच के बारे में बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि टीम मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर नजर रखेगा। अगर बुमराह फिट हैं तो वह टीम में वापस आ जाएंगे। मुझे कोई और बदलाव होता हुआ नहीं दिख रहा है।

गावस्कर ने कहा कि हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि मोहम्मद सिराज या अर्शदीप सिंह में से कौन उनके लिए जगह बनाता है। शायद वे अर्शदीप, बुमराह और सिराज के बीच रोटेशन करेंगे ताकि टूर्नामेंट के दूसरे हाफ के लिए सभी फ्रेश रहें। बैटिंग के मामले में मुझे कोई बदलाव होता हुआ नहीं दिख रहा है। वे बस बल्लेबाजों से बेहतर स्कोर की उम्मीद करेंगे और वे जरूर चाहेंगे कि अभिषेक शर्मा 70, 80, या 90 रनों की एक बड़ी पारी खेलें। अभिषेक की खासियत यह है कि जब वह एक मैच में जल्दी आउट हो जाते हैं तो वह अक्सर अगले मैच में बड़ा स्कोर करते हैं और मुझे लगता है कि जब भारत नामीबिया के साथ खेलेगा तो दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उनके बल्ले से एक शानदार पारी देखने को मिलेगी।

ये भी पढ़ें

वैभव-वीरन ओपनर, हेनिल-कनिष्क शामिल; ICC ने चुनी U19 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट, आयुष नहीं रीव को बनाया कप्तान

सूर्यकुमार बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’, तोड़ा युवराज-कोहली का रिकॉर्ड; भारत ने लगातार 9 मैच जीत T20WC में रचा इतिहास