भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा टी20 वर्ल्ड कप में अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं, लेकिन वो पारी को एंकर करते हुए नजर आ रहे हैं। तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर टीम इंडिया के लिए इस वर्ल्ड कप में खेल रहे हैं और उनके बल्ले से बड़ी पारी का इंतजार सबको है। भारत को सुपर 8 में 22 तारीख को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है और तिलक का इस टीम के खिलाफ काफी तगड़ा रिकॉर्ड है।

तिलक ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 304 गेंदों पर बनाए हैं 496 रन

तिलक वर्मा भारत की मौजूदा टी20 टीम में या ओवरऑल भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं। उनका बल्ला टी20 प्रारूप में प्रोटियाज के खिलाफ खूब चला है और ये बात आंकड़े साफ तौर पर जाहिर कर रहे हैं। तिलक वर्मा ने इस टीम के विरुद्ध अब तक कुल 10 मुकाबले खेले हैं। इन 10 मुकाबलों की 10 पारियों में कुल 304 गेंदों का सामना किया है और इन पर 496 रन बनाए हैं।

तिलक बड़ा रिकॉर्ड करेंगे अपने नाम

तिलक वर्मा का साउथ अफीका के खिलाफ स्ट्राइक रेट इन मैचों में 163.15 का रहा है जबकि उनका औसत भी बेहद शानदार है जो 70.85 का है। तिलक वर्मा ने प्रोटियाज के खिलाफ 10 मैचों में दो शतक और 2 अर्धशतक भी लगाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 120 रन रहा है। तिलक वर्मा साउथ अफ्रीका के खिलाफ 42 चौके और 28 छक्के भी लगा चुके हैं। तिलक साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही 4 रन बनाएंगे वो इस टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 रन बनाने वाले पहले भारतीय भी बन जाएंगे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बैटर

तिलक वर्मा- 496 रन
रोहित शर्मा- 429 रन
सूर्यकुमार यादव- 406 रन
विराट कोहली- 394 रन
हार्दिक पंड्या- 373 रन

ये खबरें भी पढ़ें

अभिषेक-इशान ओपनर, सुंदर आउट; साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

सिकंदर रजा ने 39 साल 301 दिन की उम्र में किया बड़ा कमाल, तोड़ दिया रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड