भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर क्रिस श्रीकांत ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए तिलक वर्मा को भारतीय टी20 टीम का उप-कप्तान चुनने को लेकर चयनकर्ताओं की आलोचना की। श्रीकांत ने तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाने के फैसले पर सवाल उठाए साथ ही रजत पाटीदार को टीम में शामिल न किए जाने पर निराशा जताई और वॉशिंगटन सुंदर के चयन को लेकर भी चिंता जाहिर की।

बीसीसीआई ने कुछ दिनों पहले ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टी20 टीम का ऐलान किया। आयरलैंड के खिलाफ भारत को 2 टी20 मैच खेलने हैं जिसकी शुरुआत 26 जून से होगी जबकि इंग्लैंड को भारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लेना है। सूर्यकुमार यादव से भी कप्तानी ले ली गई और श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया।

तिलक वर्मा ने कभी किसी टीम की कप्तानी नहीं की

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि तिलक वर्मा के पास लीडरशिप का ज्यादा अनुभव नहीं है। श्रीकांत ने एक बैटर के तौर पर तिलक के हालिया प्रदर्शन और असर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तिलक वर्मा ने कभी किसी टीम की कप्तानी नहीं की है। वह फॉर्म में नहीं हैं और उनमें बड़े शॉट खेलने की क्षमता भी नहीं है। वह कोई तूफानी बैटर नहीं हैं साथ ही वह शॉट खेल सकते हैं, लेकिन फिल सॉल्ट या रजत पाटीदार की तरह बॉलिंग अटैक को तहस-नहस नहीं कर सकते। तिलक वर्मा, रजत पाटीदार की तरह जबरदस्त हिटिंग नहीं कर सकते। पिछले दो-तीन आईपीएल सीजन में मुंबई के लिए उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। अपनी पोजिशन पर उन्हें रजत पाटीदार की तरह असरदार पारियां खेलनी होंगी।

वॉशिंगटन सुंदर टीम में जगह पाने के हकदार नहीं

क्रिस श्रीकांत ने भी भारत की टी20 टीम में वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर सवाल उठाए। पूर्व चीफ सिलेक्टर का कहना है कि सुंदर अब बॉलिंग ऑल-राउंडर के तौर पर उतना योगदान नहीं दे रहे हैं और उन्हें मुख्य रूप से मिडिल-ऑर्डर बैटर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन सुंदर टीम में जगह पाने के हकदार नहीं हैं।

वह गुजरात टाइटंस के लिए बॉलिंग भी नहीं करते और मिडिल-ऑर्डर बैटर के तौर पर खेलते हैं। इसलिए वह भारत के लिए एक स्टैंड-बाय मिडिल-ऑर्डर बैटर हैं क्योंकि वह बिल्कुल भी बॉलिंग नहीं कर रहे हैं। वह गुजरात के लिए बॉलिंग नहीं करते और भारत के लिए भी बहुत कम बॉलिंग करते हैं। इसलिए यह सवाल उठता है कि सुंदर को ऑल-राउंडर के तौर पर टीम में पक्की जगह कैसे मिल रही है।

आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपरः, इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, वैभव सूर्यवंशी, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह।

शार्दुल की टीम को मिली 24 रन से जीत, सूर्यकुमार की कप्तानी में ट्रायम्फ्स नाइट्स ने चौथा मैच गंवाया

सूर्यकुमार यादव इन दिनों टी20 मुंबई 2026 में ट्रायम्फ्स नाइट्स की कप्तानी कर रहे हैं। बतौर कप्तान वो अब तक प्रभावित नहीं कर पाए हैं और 5 में से 4 मैच गंवा चुके हैं। इस सीजन के 18वें मुकाबले में उनकी टीम को शार्दुल ठाकुर की टीम के हाथों हार मिली। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)