अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने प्लेइंग इलेवन को लेकर अहम संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पूरी तरह फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही भारत तीन स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी में है।

गुरुवार चार जून 2026 को मीडिया से बातचीत में रयान टेन डोशेट ने कहा कि मोहम्मद सिराज अच्छी स्थिति में हैं और मैच खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टीम प्रबंधन तीन स्पिनरों के संयोजन के साथ उतरने का मन बना चुका है।

स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर की जगह लगभग तय मानी जा रही है। तीसरे स्पिनर के रूप में मानव सुतार और हर्ष दुबे के बीच मुकाबला है। हालांकि टीम प्रबंधन दोनों को एक साथ खिलाने के पक्ष में नहीं दिख रहा है और इनमें से किसी एक को मौका मिल सकता है।

सिराज के फिट होने से आकिब नबी की उम्मीदों को झटका

इससे पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि यदि सिराज फिट नहीं होते तो जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। आकिब नबी उन छह नेट गेंदबाजों में शामिल हैं जो न्यू चंडीगढ़ में भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास करा रहे हैं। हालांकि, मोहम्मद सिराज के फिट घोषित होने के बाद उनके टीम में शामिल होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।

कैसा रहा मानव सुतार का प्रदर्शन?

23 वर्षीय मानव सुतार ने अब तक 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 25.76 के औसत से 129 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं। बल्ले से भी वह उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं। उन्होंने 48 पारियों में 25.54 के औसत से 945 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए IPL 2026 में चार मैच खेले और तीन विकेट अपने नाम किये।

हर्ष दुबे के आंकड़े भी प्रभावशाली

हर्ष दुबे ने 27 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 23.26 की औसत से 133 विकेट लिए हैं। उनके नाम नौ बार पांच विकेट हॉल दर्ज करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दिया है। 44 पारियों में 25.65 के औसत से 1026 रन बनाने वाले हर्ष ने रेड-बॉल क्रिकेट में नौ अर्धशतक लगाए हैं। हाल ही में संपन्न IPL 2026 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 11 मैचों में 13 विकेट झटके थे।

कहना गलत नहीं होगा कि मानव सुतार और हर्ष दुबे दोनों के ही आंकड़े प्रभावशाली हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन तीसरे स्पिनर के रूप में मानव सुतार और हर्ष दुबे में से किसे अंतिम एकादश में जगह देता है।

वैभव को मौका, श्रेयस कप्तान; आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए इन खिलाड़ियों को भारतीय टी20 टीम में मिल सकती है जगह

आयरलैंड व इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का चयन शनिवार को किया जाएगा। माना जा रहा है कि भारतीय टी20 टीम में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री हो सकती है तो वहीं श्रेयस अय्यर टी20 टीम के कप्तान बनाए जा सकते हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)