दिल्ली में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच से पहले भारतीय टीम के लिए बुरी खबर सामने आई है। ओपनर अभिषेक शर्मा की तबियत ठीक नहीं हो रही है और उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक को पेट में संक्रमण होने की खबर है। नामीबिया के खिलाफ मैच में उनके खेलने पर संदेह बना हुआ है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार अभिषेक 7 फरवरी को मुंबई अमेरिका के खिलाफ मैच से पहले भी बीमार थे। मैदान पर उतरने के बाद उनकी तबीयत और खराब हो गई। मुंबई में अभिषेक को बुखार भी हुआ था और उन्हें ड्रिप भी चढ़ाई गई थी। अमेरिका के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बाद उन्होंने फील्डिंग नहीं की थी।

अभिषेक शर्मा ने ट्रेनिंग सेशन में नहीं लिया हिस्सा

अभिषेक शर्मा ने मंगलवार (10 फरवरी) को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम के पहले ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, भारतीय टीम ने बताया है कि अभिषेक का पेट खराब है, लेकिन उन्हें संक्रमण है। मीडिया से बातचीत में रेयान टेन डोएशे ने कहा, ‘अभी (अभिषेक) को पेट में अभी भी दिक्कत है। हमें उम्मीद है कि दो दिन बाद मैच के लिए वह उपलब्ध होंगे।’

टी दिलीप ने पानी पिलाने की जिम्मेदारी संभाली

अमेरिका के खिलाफ मैच में पहली ही गेंद पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा फील्डिंग करने नहीं आए। उनकी जगह संजू सैमसन मैदान पर उतरे। ऐसे में कुलदीप यादव के साथ फील्डिंग कोच टी दिलीप ने भारतीय खिलाड़ियों को पानी पिलाने की जिम्मेदारी संभाली, क्योंकि जसप्रीत बुमराह भी बीमार थे और वाशिंगटन सुंदर टीम के साथ जुड़े नहीं थे।

यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: कोलंबो में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएगी भारतीय टीम, आईसीसी ने मानी पीसीबी की मांग