टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्मअप मैच में सोमवार (2 फरवरी) को इंडिया ए ने अमेरिका को 38 रनों से हरा दिया। इस मैच में तेज गेंदबाज मयंक यादव भी खेले। दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाला यह खिलाड़ी 9 महीने बाद मैदान पर उतरा। मयंक ने इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में अपनी रफ्तार के कारण सर्खियां बंटोरी थीं। मयंक ने तब 155 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद कराने की काबिलियत दिखाई थी, लेकिन चोट के कारण उनका करियर डिरेल हो गया।

अमेरिका के खिलाफ मैच में मयंक यादव का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। मयंक ने 3 ओवर में 12.33 की इकॉनमी से 37 रन लुटाए। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लुटाए। इससे पहले वह 4 मई 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में खेले थे। स्ट्रेस फैक्चर के कारण लंबे समय तक मैदान से दूर रहे। अब वह 6 फरवरी को मैदान पर दिखेंगे, जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्मअप मैच में इंडिया ए का सामना नामीबिया से होगा।

मयंक यादव का करियर चोट से प्रभावित

मयंक ने भारत के लिए भी 3 टी20 मैच मैच खेले हैं। उन्होंने अक्टूबर 2024 में डेब्यू किया था। उन्होंने 3 मैचों में 20.75 के औसत और 6.91 की इकॉनमी से 4 विकेट लिए हैं। मयंक को आईपीएल 2022 से पहले जब लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने चुना तब उन्होंने सिर्फ दो लिस्ट ए मैच खेले थे। उन्होंने पहले सीजन में कोई मैच नहीं खेला और हैमस्ट्रिंग फटने के कारण अगले सीजन से बाहर हो गए।

डेब्यू मैच में 155.8 किमी प्रति घंटे की गेंद

मयंक ने 2024 में लखनऊ में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया, जहां उन्होंने अपनी तेज गति से बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने अपने चार ओवरों में 27 रन देकर 3 विकेट लिए और सबसे तेज 155.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से एक गेंद की। मयंक ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में और भी बेहतर प्रदर्शन किया।

आईपीएल 2024 की सबसे तेज गेंद

मयंक ने इस मैच में 156.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद की, जो आईपीएल 2024 में फेंकी गई सबसे तेज गेंद थी।मयंक ने लगातार 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद करने की क्षमता दिखाई। उन्होंने चार ओवरों में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। मयंक आईपीएल इतिहास में पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने पहले दो मैचों में दो प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं।