रणजी ट्रॉफी 2026-27 में चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पारी से जीत दर्ज करने के बाद मुंबई ने हरियाणा को तीसरे मैच में 10 विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई है। चौथी पारी में मुंबई के सामने 97 रन का लक्ष्य था और समय कम बचा था। अंगकृष रघुवंशी ने तूफानी पारी खेली और 39 गेंद पर 67 रन ठोकते हुए टीम को 10.4 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
अंगकृष रघुवंशी के साथी ओपनर दिव्यांश सक्सेना ने भी 25 गेंद पर नाबाद 30 रन बनाए। उन्होंने पारी में 2 चौके व 2 छक्के जड़े। अंगकृष ने अपनी तूफानी पारी में 7 चौके और तीन छक्के लगाए। पहली पारी में भी उन्होंने बेहतरीन शतक जड़ते हुए 114 रन बनाए थे। अंगकृष को आयुष म्हात्रे के चोटिल होने के बाद मुंबई की टीम में जगह मिली थी।
तनुष कोटियान की दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी
मुंबई के लिए दूसरी पारी में तनुष कोटियान ने घातक गेंदबाजी की। पहली पारी में 3 विकेट लेने वाले तनुष ने दूसरी पारी में 34.3 ओवर गेंदबाजी की और 81 रन देकर 8 विकेट झटके। उन्होंने बल्ले से भी योगदान देते हुए मुंबई के लिए पहली पारी में 52 रन बनाए थे। अब मैच में 11 विकेट लेकर वह मुंबई की जीत के हीरो बने।
मुशीर खान ने भी शतक के बाद झटके 8 विकेट
तनुष कोटियान ने एक तरफ ऑलराउंड प्रदर्शन से मुंबई को जीत दिलाई। वहीं सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और जीत की नींव रखी थी। मुशीर ने पहली पारी में बल्ले से बेहतरीन योगदान दिया और 109 रन की पारी खेली। उसके बाद गेंदबाजी में मुशीर ने 6 विकेट अपने नाम कर लिए। दूसरी पारी में भी मुशीर के नाम दो सफलताएं आईं। कुल मिलाकर शतक और 8 विकेट उन्होंने इस मैच में दर्ज करे।
मुंबई ने लगाई जीत की हैट्रिक
एलीट ग्रुप डी की बात करें तो मुंबई की टीम ने जीत की हैट्रिक लगाई है। मुंबई ने पहला मैच चंडीगढ़ के खिलाफ पारी और 155 रन से जीता था। वहीं दूसरे मैच में मुंबई ने हिमाचल प्रदेश को पारी और 97 रनों से मात दी। अब हरियाणा को 10 विकेट से हराते हुए मुंबई की टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली। मुंबई ग्रुप डी की अंकतालिका में तीनों मैच जीतते हुए टॉप पर है, जबकि तमिलनाडु 3 में से दो मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है।
मोहम्मद शमी ने 5 तो प्रदीप्त प्रमाणिक ने लिए 10 विकेट; बंगाल ने केरल को 287 रन से हराया, लगाई जीत की हैट्रिक
इस मैच की दूसरी पारी में शमी को 2 सफलता मिली जबकि पहली पारी में उन्होंने 3 विकेट झटके थे और इस पूरे मुकाबले में उन्हें कुल 5 विकेट मिले। प्रदीप्त ने दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी की और उन्होंने 19 ओवर में 51 रन देकर 6 विकेट झटके। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
