पाकिस्तान क्रिकेट टीम के एक सदस्य पर कैंडी में एक महिला होटल स्टाफ के साथ बदतमीजी करने के बाद उस पर जुर्माना लगाया गया। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना तब हुई जब पाकिस्तानी टीम कुछ दिन पहले सुपर 8 से आगे नहीं बढ़ पाई थी और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई थी।
पाकिस्तानी खिलाड़ी ने महिला स्टाफ के साथ की बदतमीजी
रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के सुपर 8 मैच से पहले हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार उस कथित खिलाड़ी ने टीम होटल में एक महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ गलत व्यवहार किया था। इसके बाद उस महिला स्टाफ ने शोर मचाया जिसके बाद होटन के कर्मचारियों ने बीच-बचाव करके हालात को काबू में किया।
बाद में मामले की जानकारी पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद चीमा को दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक गोल्डन क्राउन होटल के सीनियर अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग की, लेकिन चीमा ने क्रिकेटर की तरफ से होटल मैनेजमेंट से माफी मांगी और गलत काम के लिए जुर्माना लगाकर उस समय मामला सुलझा लिया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ले सकता है एक्शन
हालांकि उस क्रिकेटर की पहचान नहीं बताई गई है, लेकिन रिपोर्ट से पता चलता है कि मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। उस खिलाड़ी के घर लौटने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सामने पेश होने की उम्मीद है और उस पर आगे डिसिप्लिनरी एक्शन हो सकता है। पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप में सफर खत्म हो चुका है। हालांकि पाकिस्तान ने आखिरी सुपर 8 मुकाबले में श्रीलंका को हराया था, लेकिन इसके बावजूद वो बेहतर रन रेट के मामले में न्यूजीलैंड से पीछे रह गया था।
ये खबरें भी पढ़ें
