आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में अपने पहले ही मैच में नीदरलैंड्स जैसी कमजोर मानी जा रही टीम के खिलाफ पाकिस्तान हालत देखकर उसके पूर्व क्रिकेटर भड़क उठे। तीन गेंद बाकी रहते तीन विकेट से मिली जीत के बावजूद पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी नजर आई।
फहीम अशरफ ने नंबर-8 पर उतरकर टीम को हार से बचाया, लेकिन बाबर आजम, नवाज और शादाब खान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की नाकामी पर बासित अली और कामरान अकमल ने जमकर लताड़ लगाई। बासित अली ने तंज कसते हुए कहा, ‘बाकी बैट्समैन चनाफली बेच रहे थे क्या?’ कामरान अकमल ने तो टीम को लेकर तीखी चेतावनी तक दे डाली।
बासित अली और कामरान अकमल ने इस बात की आलोचना की है कि कैसे टीम लगभग नीदरलैंड्स से अपना T20 वर्ल्ड कप का पहला मैच हार गई थी। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने कहा, ‘पाकिस्तान बच गया भाई! जब शाहीन शाह अफरीदी को बल्लेबाजी के लिए बुलाया जाता है, तो आप सोच सकते हैं कि उस मैच में पाकिस्तान की बैटिंग कैसी रही होगी।’
बासित अली ने कहा, ‘मिडिल ऑर्डर, खासकर बाबर आजम, नवाज और शादाब खान की खराब बल्लेबाजी। ये अनुभवी खिलाड़ी हैं। इन्होंने न सिर्फ दुनिया भर की लीग में खेला है, बल्कि पाकिस्तान सुपर लीग में भी खेला है। आज वे पाकिस्तान के हीरो नहीं बने, वे जीरो बन गए।’
फैंस से क्या कहेंगे: बासिल अली
बासित अली ने कहा, ‘पाकिस्तान टीम में मैच चेंजर कौन है? आप उस देश के फैंस से क्या कहेंगे जो विकेट गिरने पर खुश होते हैं सिर्फ इसलिए कि इसका मतलब है कि बाबर आजम बैटिंग करने आएंगे। लेकिन फिर बाबर आते हैं और चले जाते हैं। आज पाकिस्तान के स्टार फहीम अशरफथे, जो नंबर 8 पर आए। बाकी बल्लेबाज चने बेच रहे थे क्या?’
कामरान अकमल ने भी पाकिस्तानी टीम के लिए तीखे शब्द कहे। कामरान अकमल ने कहा, ‘यह मैच आसानी से जीता जाना चाहिए था। इसके बजाय उन्होंने तीन गेंदें बाकी रहते इसे जीता। यह एक आदर्श शुरुआत नहीं थी। फहीम ने पाकिस्तान की इज्जत बचा ली। हमने पहले ही देख लिया है कि टीम USA भारत के खिलाफ क्या कर सकती है। अगर उनके गेंदबाज फिट हैं तो पाकिस्तान को उन्हें हराने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।’
हमेशा ऐसे कैसे फंस जाता है पाकिस्तान: कामरान अकमल
कामरान अकमल ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि पाकिस्तान हमेशा ऐसी टीमों के खिलाफ ऐसी स्थितियों में क्यों फंस जाता है। कभी-कभी ठीक है। भारत भी USA के खिलाफ मुश्किल में था, लेकिन पाकिस्तान हर दो दिन में ऐसी टीमों के खिलाफ मुश्किल में पड़ जाता है। अगर कोई बड़ी टीम पांच या 10 साल में एक बार खराब खेलती है तो वह तो वाजिब लगता है। यहां तो टीम का मजाक ही बन गया है।’
कामरान अकमल ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि हम पिछले सात वर्षों से यही बातें कह रहे हैं। दुनिया की टीमों ने अपना स्तर बढ़ा लिया है। हमारे पास कोई क्लैरिटी क्यों नहीं है? मुझे यकीन है कि कोच ने गेमप्लान बता दिया होगा, लेकिन खिलाड़ियों में हिम्मत नहीं है! या गेम की समझ नहीं है!’
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं
T20 World Cup 2026: स्कॉटलैंड ने पहले मैच में ही रच दिया इतिहास, अब तक कोई एसोसिएट देश नहीं छू पाया था यह आंकड़ा
टी20 विश्व कप 2026 में भारत का अगला मैच कब है? यहां चेक करें भारत बनाम नामीबिया की तारीख, समय, जगह और अन्य डिटेल्स
IND vs NAM: अभिषेक की फिटनेस पर सस्पेंस, संजू की लग सकती है लॉटरी; AI ने दूसरे मैच के लिए चुनी भारत की संभावित प्लेइंग 11
