T20 World Cup 2022: टी20 विश्वकप 2022 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया (Team India) गुरुवार को इंग्लैंड (England) से 10 विकेट की करारी हार झेलकर बाहर हो गई। इसके साथ ही कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया, जो टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) के साथ जुड़ा हुआ है। साल 2000 के बाद से अबतक 5 कप्तानों ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में टीम इंडिया की कमान संभाली है। तीन की कप्तानी में पहली बार में ही भारत फाइनल तक पहुंचा।
ये पांच कप्तान सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा है। गंगुली की कप्तानी में साल 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत पहुंचा था। श्रीलंका और भारत के बीच मैच बारिश से धुल गया था और दोनों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। इसके बाद दादा की कप्तानी में टीम 2003 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारी थी।
द्रविड़ की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी में बाहर हो गई थी टीम
द्रविड़ की कप्तानी में टीम इंडिया दो आईसीसी टूर्नामेंट्स खेली थी। साल 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी में टीम सिर्फ 1 मैच जीत पाई थी और बाहर हो गई थी। साल 2007 वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। महेंद्र सिंह धोनी को साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था। टीम खिताब जीती थी। धोनी की कप्तानी में टीम वनडे वर्ल्ड और चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती।
चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हारा भारत
विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी। पाकिस्तान ने उसे हरा दिया था। इसके अलावा 2019 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने हराया था। 2021 में टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक पहुंची।
एलेक्स हेल्स – जोस बटलर की जोड़ी ने बनाया शानदार रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में इंग्लैंड की ओपनिंग जोड़ी जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की ओपनिंग जोड़ी ने 169 के टारगेट को बौना साबित कर दिया। इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीत हासिल की। बटलर ने 49 गेंद पर नाबाद 80 और हेल्स ने 47 गेंद पर नाबाद 86 रन की पारी खेली। उन्होंने मेंस टी20 वर्ल्ड में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी साझेदारी
यह रिकॉर्ड पहले मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम के नाम था। पिछले साल टी20 विश्व कप में दोनों ने भारत के खिलाफ 152 रन की साझेदारी की थी। 170 रनों की साझेदारी टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। श्रीलंका के महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा के बीच 166 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड 12 साल तक बना रहा। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक और रिले रोसौव ने टी20 वर्ल्ड 2022 में ही बांग्लादेश के खिलाफ 168 रन की साझेदारी करके इसे तोड़ा, लेकिन यह रिकॉर्ड सिर्फ दो सप्ताह तक ही रहा।