कोलकाता के ईडन गार्डन में 33 गेंद में नाबाद शतक जड़कर न्यूजीलैंड को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल में पहुंचाने वाले ओपनर फिन एलन ने मैच के बाद बड़ा खुलासा किया। फिन एलन ने कहा कि विश्व कप से पहले भारत के खिलाफ काली मिट्टी की पिचों पर खेली गई पांच मैच की सीरीज ने उन्हें इन परिस्थितियों को समझने में काफी मदद की। यही वजह रही कि पहले सेमीफाइनल में उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य को एकतरफा बना दिया।
फिन एलन ने ईडन गार्डन में साउथ अफ्रीका के आक्रमण को बड़े-बड़े छक्कों और शानदार बाउंड्री से परेशान किया। न्यूजीलैंड ने सिर्फ 12.5 ओवर में 170 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और 43 गेंद बाकी रहते नौ विकेट से जीत हासिल की। मैच के बाद मीडिया से बातचीत में फिन एलन ने कहा, ‘हमारे गेंदबाजों की शुरुआत बहुत शानदार थी…। उन्होंने हमारे लिए गेम सेट कर दिया। ऐसी पिच पर, अगर आप शुरुआत में विकेट ले सकते हैं और दबाव बना सकते हैं तो इससे बल्लेबाजों के लिए काम बहुत आसान हो जाता है। दाएं हाथ के बल्लेबाज फिन एलन ने टूर्नामेंट से पहले भारत के खिलाफ सीरीज की अहमियत पर जोर दिया।’
फिन एलन ने कहा, ‘…यह विश्व कप से पहले खेली गई इंडिया सीरीज की अहमियत दर्शाता है। काली मिट्टी पर पांच गेम…। आप उस तरह की तैयारी को दोहरा नहीं सकते।’ फिन एलन ने कहा, ‘हमने एक ग्रुप के तौर पर बहुत कुछ सीखा। एक टीम के तौर पर, हम लड़ाई के लिए तैयार रहते हैं। उन जरूरी मुकाबलों में हम आखिर तक लड़ने और टिके रहने के लिए तैयार रहते हैं। खासकर गेंद से लड़कों ने ऐसा ही किया और सच में माहौल बना दिया।’
फिन एलन ने कहा, ‘मैं उस विकेट पर थोड़ी और बल्लेबाजी कर काफी खुश हूं…। यह कोलकाता में मेरा पहला मैच है। भारत के खिलाफ काली मिट्टी पर आखिरी गेम खेलने से मुझे ठीक से अंदाजा हो गया कि क्या उम्मीद करनी है। यह इस मैच में आने के लिए वाकई मददगार रहा।’ कीवी ओपनर फिन एलन ने भारत के खिलाफ सीरीज के एक मैच में 80 रन बनाए थे। फिन एलन ने कहा कि सीखने का दौर मुश्किल था लेकिन फायदेमंद रहा।
