संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के स्पिनर कार्तिक मयप्पन ने मंगलवार 18 अक्टूबर को इतिहास रचा। वह आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने ग्रुए ए में श्रीलंका के खिलाफ मैच में भानुका राजपक्षे, चरित असलांका और कप्तान दासुन शनाका को आउट किया।
चेन्नई में 8 अक्टूबर 2000 को जन्मे कार्तिक मयप्पन ने जिलॉन्ग के कार्दिनिया पार्क में 15वें ओवर में राजपक्षे, असलांका और शनाका को पवेलियन भेजकर श्रीलंका को बैकफुट पर भेज दिया। यही वजह रही है कि 11 ओवर में 92 रन बना चुकी श्रीलंका अगले 9 ओवर में सिर्फ 60 रन ही बना पाई।
कर्तिक मयप्पन ने बिगाड़ दी श्रीलंका की लय
कार्तिक मयप्पन के हैट्रिक लेने से पहले श्रीलंका के बल्लेबाज अच्छा खेल रहे थे। श्रीलंका का स्कोर 14 ओवर में 2 विकेट पर 114 रन था। पथुम निसांका 48 और भानुका राजपक्षे 5 रन बनाकर क्रीज पर थे। 15वें ओवर की पहली गेंद पर निसांका ने 2 रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। अगली गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक राजपक्षे को दी।
भानुका राजपक्षे तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। अगली गेंद पर कार्तिक मयप्पन ने उन्हें बासिल हमीद के हाथों डीप कवर में कैच करा दिया। उनकी जगह चरित असलांका क्रीज पर आए। वह कार्तिक की गुगली में उलझ गए और विकेट के पीछे वृत्य अरविंद ने उनका कैच लपक लिया। असलांका के बाद दासुन शनाका ने क्रीज संभाली, लेकिन कार्तिक ने अगली ही गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया और टी20 विश्व कप 2022 की पहली हैट्रिक अपने नाम की।
आईसीसी टी20 मेन्स वर्ल्ड कप की यह अब तक की 5वीं हैट्रिक है। कार्तिक मयप्पन से पहले ब्रेट ली, कर्टिस कैम्फर, वानिंदु हसरंगा और कगिसो रबाडा यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। ब्रेट ली ने 2007 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उसके बाद टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में 3 हैट्रिक ली गईं। कर्टिस हैम्फर ने नीदरलैंड, हसंरगा ने दक्षिण अफ्रीका और रबाडा ने इंग्लैंड के खिलाफ हैट्रिक ली थी।
श्रीलंका और यूएई के बीच मैच की बात करें तो चुंदंगापॉयल रिजवान की अगुआई वाली यूएई ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 152 रन बनाए। यूएई की टीम 17.1 ओवर में 10 विकेट पर 73 रन ही बना पाई।