टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 16वें मैच में ओमान को श्रीलंका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। ओमान की पूरी टीम 226 रन के लक्ष्य के सामने 9 विकेट गंवाकर 120 रन ही बना पाई। ओमान के लिए इस पारी में सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में से एक मोहम्मद नदीम ने नाबाद 56 गेंद पर 53 रन बनाए। वह एक तरफ टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी प्लस रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।
साथ ही 52 गेंद पर इस मैच में अर्धशतक लगाने वाले नदीम ने एक सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे धीमी फिफ्टी लगाने के मामले में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान की बराबरी की है। इस लिस्ट में भारत के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी प्लस रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी अब मोहम्मद नदीम बन चुके हैं। उन्होंने 43 साल 161 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उनसे पहले इस लिस्ट में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज सनथ जयसूर्या टॉप पर थे। जयसूर्या ने 2009 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 39 साल और 345 दिन की उम्र में पचासा जड़ा था।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे धीमी फिफ्टी
- 52 गेंद: मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान) बनाम कनाडा, न्यूयॉर्क, 2024
- 52 गेंद: मोहम्मद नदीम (ओमान) बनाम श्रीलंका, पल्लेकेले, 2026*
- 50 गेंद: डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) बनाम नीदरलैंड, न्यूयॉर्क, 2024
- 49 गेंद: डेवोन स्मिथ (वेस्टइंडीज) बनाम बांग्लादेश, जोहान्सबर्ग, 2007
- 49 गेंद: डेविड हसी (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड, ब्रिजटाउन, 2010
- 49 गेंद: सूर्यकुमार यादव (भारत) बनाम अमेरिका, न्यूयॉर्क, 2024
ओमान की लगातार दूसरी हार
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है। पहले मैच में ओमान की टीम को जिम्बाब्वे ने हराया था। उसके बाद अब दूसरे मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ टीम को 105 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। लगातार दो हार के बाद ग्रुप बी से ओमान की सुपर 8 के लिए राह मुश्किल नजर आ रही है। इस ग्रुप में श्रीलंका टॉप पर और ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं
भारत बनाम नामीबिया मुकाबले का सीधा प्रसारण, ऐसे देखें टी20 वर्ल्ड कप के 18वें मैच का लाइव टेलीकास्ट
वैभव सूर्यवंशी अब खेल सकते हैं 16 टीमों वाला टी20 टूर्नामेंट, IPL 2026 से पहले धूम-धड़ाका मचाने की तैयारी
दासुन शनाका का तूफानी पचासा, टूटते-टूटते बचा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड; ये हैं टी20 वर्ल्ड कप के सबसे तेज अर्धशतक
