टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले शनिवार (31 जनवरी) को भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर आई। बल्लेबाज तिलक वर्मा ग्रोइन इंजरी से पूरी तरह ठीक हो गए हैं। बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से खेलने की अनुमति मिल गई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने शनिवार को पीटीआई को बताया कि तिलक को सीओई से रिलीज किया जाएगा और वह 3 फरवरी को मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। भारत को 7 फरवरी को अमेरिका से भिड़ना है। सूत्र ने कहा, ‘उन्होंने पूरी मैच फिटनेस हासिल कर ली है।’

7 जनवरी को ग्रोइन इंजरी की सर्जरी के बाद तिलक वर्मा सीओई में ट्रेनिंग कर रहे हैं। उन्हें फाइनल फिटनेस क्लीयरेंस पाने के लिए शुक्रवार को एक सिमुलेशन मैच में हिस्सा लेना था। इसका मतलब है कि 23 साल का बल्लेबाज टी20 वर्ल्ड कप के लिए उपलब्ध रहेगा। क्लीयरेंस मिलने के बाद तिलक वर्मा के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले वार्मअप मैचों के लिए भारतीय टीम से जुड़ने की उम्मीद है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल देखने के लिए क्लिक करें

वाशिंगटन सुंदर भी चोटिल

तिलक वर्मा चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे। श्रेयस अय्यर को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया था। अब वह भारतीय टीम में वापसी करेंगे। तिलक का फिट होना भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर है, जो संजू सैमसन के खराब फॉर्म को लेकर चिंतित है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत टी20 वर्ल्ड कप के पहले दिन अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। भारत की टी20 टीम के एक अन्य सदस्य वाशिंगटन सुंदर भी चोटिल हैं। उनके ग्रुप स्टेज के बाद फिट होने की संभावना है।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।

पीटीआई इनपुट से खबर