टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में दो दिन बाकी है, लेकिन वाशिंगटन सुंदर कब भारतीय टीम से जुड़ेंगे यह जानकारी अभी नहीं आई है। सुंदर को जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट लगी थी। वह साइड स्ट्रेन से जूझ रहे हैं। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब कर रहे हैं। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता वाशिंगटन सुंदर के फिट होने के लिए इंतजार करने की तैयारी में है। चयन समिति फिलहाल कोई रिप्लेसमेंट नहीं देख रही है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार चयनकर्ता सीओई से और अधिक जानकारी की प्रतिक्षा कर रहे हैं। वह भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा बने हुए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्मअप मैच का सुंदर हिस्सा नहीं थे। उनके पास फिट होने के लिए और समय है। टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता और कितना लंबा इंतजार करेंगे यह साफ नहीं है, लेकिन फिलहाल वह तमिलनाडु के इस ऑलराउंडर को रिप्लेस करने की तैयारी में नहीं हैं। सुंदर को लेकर आखिरी फैसला सीओई के ट्रेनर और फिजियो के परामर्श पर लिया जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि सुंदर टूर्नामेंट के लिए फिट हो जाएंगे।
वाशिंगटन सुंदर को पहले वनडे में लगी थी चोट
सुंदर को पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के पहले वनडे के दौरान साइड स्ट्रेन हुआ था और तब से वह एक्शन से बाहर हैं। उस समय बीसीसीआई ने कहा था,’वाशिंगटन सुंदर का 11 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान बॉलिंग करते समय निचले पसली में अचानक दर्द होने के बाद स्कैन किया गया। इसके बाद एक विशेषज्ञों से आमने-सामने सलाह ली गई। उन्हें साइड स्ट्रेन का पता चला है और कुछ दिनों के आराम की सलाह दी गई है। इसके बाद वह अपनी चोट के आगे के इलाज के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे।’
हर्षित राणा पर अपडेट
क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में तेज गेंदबाज हर्षित राणा की चोट पर भी अपडेट दिया है। राणा को बुधवार (4 फरवरी) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वॉर्मअप मैच में चोट लगी थी। वह एक ओवर करने के बाद ही मैदान से बाहर चले गए थे। बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के पास राणा की चोट कितनी गंभीर उसे लेकर कोई जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: भारत की चिंता नहीं हो रही कम, अब वॉर्मअप मैच में हर्षित राणा चोटिल
