भारतीय टीम ने बुधवार (5 फरवरी) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्मअप मैच में शानदार जीत हासिल की, लेकिन हर्षित राणा की चोट ने उसकी चिंता बढ़ा दी। टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है, लेकिन उसके लिए खिलाड़ियों का चोटिल होना चिंता का सबब है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में तिलक वर्मा की वापसी हुई। वह चोट के कारण एक महीने तक मैदान से दूर रहे। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट से उबर रहे हैं। इस बीच हर्षित राणा चोटिल हो गए।

भारतीय टीम ने 20 ओवर में 240 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजी करते समय राणा को चोट लगने की वजह से मैदान से बाहर जाना पड़ा। दिल्ली का यह तेज गेंदबाज गेंद करते वक्त साफ दिक्कत में दिख रहा था। एक ही ओवर में वह दो बार अपनी डिलीवरी स्ट्राइड से पीछे हटे। राणा दर्द से अपने घुटने को पकड़े हुए दिखे और लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद उन्होंने मैच में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने मैच में सिर्फ एक ओवर फेंका और 16 रन दिए।

हर्षित राणा की चोट पर आधिकारिक जानकारी नहीं

अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हर्षित राणा की चोट पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह संभालेंगे। हर्षित के अलावा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे भी विकल्प हैं। 24 साल के हर्षित ने अब तक अपने करियर में नौ टी20 मैच खेले हैं और 9 विकेट लिए हैं।

भारत ने 9 गेंदबाजों का किया इस्तेमाल

भारत को 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ टूर्नामेंट का पहला मैच खेलना है। विकेटकीपर इशान किशन की ताबड़तोड़ हाफ सेंचुरी और सात छक्कों की बदौलत भारतीय बल्लेबाजों ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 छक्के लगाए और 30 रन से जीत हासिल की। ​​भारत ने वार्मअप मैचों में कुल नौ गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। इसमें बैटिंग ऑलराउंडर तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा ने भी तीन-तीन ओवर डाले।

यह भी पढ़ें: इशान किशन ने 20 गेंद पर जड़ दिया पचासा; फिर क्यों कप्तान ने कर दिया रिटायर्ड आउट