टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम का अभियान लगातार एक के बाद इंजरी के कारण डगमगा चुका है। पिछले मुकाबले में जिम्बाब्वे से हारने के बाद अब सुपर 8 के लिए भी ऑस्ट्रेलिया की राह मुश्किल हो गई है। वहीं इसी बीच सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली करो या मरो की जंग से पहले टीम में दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की एंट्री हो गई है।
स्टीव स्मिथ के नाम ओवरऑल टी20 करियर में 6242 रन दर्ज हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 मैचों में 1094 रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच फरवरी 2024 में खेला था। यानी अब सीधे दो साल बाद वर्ल्ड कप में स्मिथ की टीम में वापसी हुई है। गौरतलब है कि टूर्नामेंट के बीच इंजरी की स्थिति में रिप्लेसमेंट के लिए एक कमेटी की स्क्वीकृति की जरूरत होती है।
आईसीसी द्वारा जारी मीडिया विज्ञप्ति में बताया गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने जोश हेजलवुड के रिप्लेसमेंट के तौर पर स्टीव स्मिथ को टीम में जोड़ने की अनुमति दे दी है। जोश हेजलवुड को लेकर खबरें थीं कि वह कुछ मैच मिस करेंगे, लेकिन अब आधिकारिक तौर पर वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए हर हाल में जीतना जरूरी
ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर है। वहीं श्रीलंका अपने पहले दोनों मैच जीतकर पहले स्थान पर है। वहीं जिम्बाब्वे ओमान व ऑस्ट्रेलिया को हराकर दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम दो में से एक जीत और एक हार के साथ तीसरे स्थान पर अंकतालिका में है। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ अगर ऑस्ट्रेलिया को हार मिली तो उसकी सुपर 8 की राह मुश्किल हो जाएगी।
इसलिए श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में जीतना होगा। इस ग्रुप में ओमान बाहर हो चुका है। आयरलैंड ने 3 में से एक मैच जीता है और दो में उसे हार मिली है। अगर आयरलैंड और श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को हरा दिया तो मुकाबला इस ग्रुप में रोचक हो जाएगा।
वहीं ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका से यह मैच हारी और आखिरी मैच ओमान से जीतती भी है, तो इस स्थिति में जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया तीनों के 4-4 अंक हो जाएंगे और नेट रनरेट प्ले में आएगा। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
यह भी पढ़ें: T20 WC 2026 Points Table: भारत-पाकिस्तान मैच के बाद अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज और गेंदबाज
यह भी पढ़ें: T20 WC में अब करो या मरो की स्थिति में पाकिस्तान, भारत से हार के बाद कोच माइक हेसन का टीम को सख्त संदेश
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: सुपर 8 में भारत के मुकाबलों की तारीख पक्की, जानें किस दिन होगा वेस्टइंडीज से मैच
