टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 राउंड शुरू होने से पहले सह-मेजबान श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पथिराना को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सोमवार (16 फरवरी) को गेंदबाजी के दौरान चोट लग गई थी। वह बीच ओवर में ही मैदान से बाहर चले गए थे। इसके बाद वह गेंदबाजी करने वापस नहीं लौटे।
पथिराना को पैर में चोट लगी थी और स्कैन में पिंडली में खिंचाव का पता चला है। इससे उबरने में कुछ हफ्ते का वक्त लगेगा। उनकी जगह दिलशान मदुशंका को श्रीलंका के स्क्वाड में शामिल किया गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल आईसीसी की टेक्निकल समिति ने मदुशंका को श्रीलंका की टीम में शामिल होने की अनुमति दे दी है। इससे पहले श्रीलंका के बल्लेबाजी सलाहकार ने विक्रम राठौड़ को पथिराना के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की जानकारी दे दी थी।
कौन लेगा पथिराना की जगह
विक्रम राठौर ने पथिराना को लेकर कहा, ‘मुझ जहां तक पता है कि वह बाकी टूर्नामेंट के लिए अनफिट घोषित हो गए हैं। उनके बाहर होने की खबर आने वाली ही होगी। जहां तक रिप्लेसमेंट का सवाल है तो इस पर चर्चा चल रही है।’ श्रीलंका के पास पथिराना से बेहतर डेथ ओवर का गेंदबाज नहीं है। वह टीम के सबसे तेज गेंदबाज हैं। उनकी जगह टीम में शामिल किए गए दिलशान मदुशंका ने 15 टी20 में 15 विकेट लिए हैं। 24 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
श्रीलंका का सुपर-8 में इंग्लैंड-न्यूजीलैंड से मुकाबला
श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में पल्लेकेले में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से भिड़ना है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप बी में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। श्रीलंका और जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और ओमान का पत्ता साफ हो गया है। ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के बाद श्रीलंका ने हराया। इसके बाद पल्लेकेले में जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच धुलने के बाद ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 की रेस से बाहर हो गई।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप से बाहर, जिम्बाब्वे का डबल फायदा; अब सुपर 8 में भारत से मुकाबला
