साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर को एसए20 (SA20) के दौरान लगी ग्रोइन इंजरी के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। उन्होंने पार्ल रॉयल्स के आखिरी दो मैच नहीं खेले। दोनों प्लेऑफ के मैच थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज से भी उन्हें आराम दिया गया था, लेकिन वह अपनी छठी टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए टीम के साथ भारत आएंगे।
साउथ अफ्रीका की टीम के सबसे अनुभवी सदस्य मिलर बैटिंग लाइनअप का एक अहम हिस्सा हैं। उनके क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्करम, रयान रिकेल्टन और डेवाल्ड ब्रेविस के बाद नंबर 5 पर खेलने की संभावना है और वह फिनिशर की भूमिका निभाएंगे। साउथ अफ्रीकी टीम में बाकी दो स्पेशलिस्ट बल्लेबाज जेसन स्मिथ और ट्रिस्टन स्टब्स हैं।
क्या मिलर का आखिरी टी20 वर्ल्ड कप होगा?
मिलर ने कहा नहीं है, लेकिन 36 साल की उम्र में यह उनका आखिरी टी20 वर्ल्ड कप हो सकता है। उनका क्रिकेट साउथ अफ्रीका के साथ सिर्फ सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिए करार है। वह 2027 में घरेलू वनडे वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। मिलर ने साउथ अफ्रीका के पिछले वनडे वर्ल्ड कप अभियान में अहम भूमिका निभाई थी।
मिलर का वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन
मिलर ने 2023 में कोलकाता में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक बनाया था। उन्होंने 2024 में बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को पहले टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के करीब भी पहुंचाया था, लेकिन आखिरी ओवर में 16 रन बनाने थे और सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री पर शानदार कैच लपका था। इससे साउथ अफ्रीका को भारत से सात रन से हार का सामना करना पड़ा था।
साउथ अफ्रीका की टीम में दो बदलाव
साउथ अफ्रीका को इस महीने की शुरुआत में घोषित टीम में पहले ही चोट की वजह से दो बदलाव करने पड़े। डोनोवन फरेरा का एसए20 में कंधा टूट गया था, जबकि टोनी डी जोरजी हैमस्ट्रिंग टियर से ठीक नहीं हो पाए। उनकी जगह क्रमशः स्टब्स और रिकल्टन को लिया गया। मिलर की जगह रुबिन हरमन को शामिल किया जा सकता था, जिन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल देखने के लिए क्लिक करें
भारत से वॉर्मअप मैच खेलेगा साउथ अफ्रीका
साउथ अफ्रीका की टीम रविवार (1 फरवरी) को जोहान्सबर्ग से मुंबई के लिए रवाना होगी और बुधवार को भारत के खिलाफ वॉर्मअप मैच खेलेगी। टी20 वर्ल्ड कप में उनका पहला मैच 9 फरवरी को कनाडा के खिलाफ है। इसके बाद अफगानिस्तान (11 फरवरी अहमदाबाद में), न्यूजीलैंड (14 फरवरी अहमदाबाद में), और यूएई (18 फरवरी दिल्ली में) के खिलाफ मैच होंगे।
