टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड से पाकिस्तान की हार के बाद पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कप्तान सलमान आगा पर सवाल उठाए हैं। अख्तर ने कहा कि सलमान कप्तानी लायक नहीं हैं। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद हफीज ने सलमान को कमजोर इंसान बताया और कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद वह बलि का बकरा बनेंगे।

शोएब अख्तर ने गेम ऑन है शो पर कहा, ‘ मुझे यह सवाल पूछना है कि क्या तीन हफ्ते बाद आगा टीम के कप्तान बने रहेंगे। अगर आपने (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और थिंक टैंक) लंबे समय के बारे में सोचा होता तो आपको तीन हफ्ते बाद यह फैसला नहीं लेना पड़ता। मुझे नहीं लगता कि वह कप्तान लायक हैं । अगर आपको उनसे किसी चमत्कार की उम्मीद हैं या उनकी तुलना हैरी ब्रूक जैसे से कर रहे है तो मेरे लिए यह अफसोस की बात है।’

सलमान आगा कप्तानी लायक नहीं

शोएब अख्तर ने कहा, ‘उनकी रणनीति देखिए। वह कप्तानी लायक नहीं हैं। उन्हें एक जैसे-तैसे जबरदस्ती जिम्मेदारी दे दी गई और अब असलियत आपके सामने है। वह और कितनी गलतियां करेंगे?’ आगा की मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को पारी के 8वें ओवर तक ओवर न देने की रणनीति की शो में आलोचना हुई। पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक और मोहम्मद हफीज ने स्पिनर को पावरप्ले ओवर में बॉलिंग के लिए न लाने के फैसले पर सवाल उठाए। खासकर छठे ओवर में जब तक इंग्लैंड पहले ही तीन विकेट खो चुका था।

नाकामी का ठीकरा सलमान के कंधों पर फोड़ देंगे

हफीज ने कहा, ‘वह उस्मान तारिक को छठा ओवर नहीं दे रहे हैं। यह कोई ‘रॉकेट साइंस’ है? हम सबने यह खेल खेला है। हम सब क्रिकेट समझते हैं, लेकिन फिर मुझे नहीं लगता कि वह इसके लिए बने हैं। मुझे नहीं लगता कि वह छह हफ्ते बाद भी कप्तान रहेंगे। हार की जिम्मेदारी सलमान आगा पर डाल दी जाएगी। मैनेजमेंट चुपचाप खिसक जाएगा और जिन्होंने उनकी नियुक्ति की है वे जवाबदेही से बच जाएंगे। इसी कारण से आप इस काम के लिए कमजोर इंसान को चुनते हैं। आप चाहते हैं कि कमजोर लोग ऊंचे पदों पर हों ताकि जब किसी को निकालने की बारी आए तो आप आसानी से उन्हे जिम्मेदारी ठहरा सकें। अब वे पूरे वर्ल्ड कप की नाकामी का ठीकरा सलमान के कंधों पर फोड़ देंगे। इतिहास ऐसे ही खुद को दोहराता है।’

यह भी पढ़ें: ‘बाबर आजम क्रिमिनल हैं’: पाकिस्तानी क्रिकेटर ने पूर्व कप्तान को घेरा, कहा- अब थक चुके हैं