पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला टूर्नामेंट से बाहर बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए गया है। यह पहली बार है जब भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने पर पाकिस्तान के किसी आधिकारिक व्यक्ति ने बयान दिया है। भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का कारण बताया है।

शहबाज शरीफ ने बुधवार (5 फरवरी) को कैबिनेट से कहा, ‘हमने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बहुत साफ कदम उठाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमने बहुत सोच-समझकर यह रुख अपनाया है और हमें पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ खड़ा होना चाहिए। मुझे लगता है कि यह बहुत सही फैसला है।’

पाकिस्तान सरकार के पोस्ट पर आईसीसी का जवाब

पाकिस्तान सरकार ने रविवार (1 फरवरी) को एक्स पर पोस्ट जारी कर कहा कि टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस पोस्ट में इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया गया। पीसीबी ने इस मामले पर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार के एक्स पोस्ट के कुछ घंटों बाद एक जवाब जारी किया।

पीसीबी ने आईसीसी को नहीं दी बहिष्कार की आधिकारिक जानकारी

आईसीसी ने कहा कि उसे उम्मीद है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण और लंबे समय के नतीजों पर विचार करेगा क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट तंत्र पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है। आईसीसी ने यह भी कहा कि उसे पीसीबी से उम्मीद है कि वह सभी हितधारकों के हित में कदम उठाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक आईसीसी को भारत के खिलाफ मैच न खेलने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

मोहसिन नकवी ने आईसीसी पर दोहरा मापदंड का लगाया आरोप

पीसीबी के मुखिया और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश के बाहर होने को लेकर आईसीसी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया था। बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से हटा दिया गया था क्योंकि उनकी सरकार ने टीम को भारत जाने की इजाजत देने से मना कर दिया था, जहां उनके मैच होने थे। सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कहा कि बांग्लादेश अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में खेले, जहां पाकिस्तान भी अपने सभी मैच खेलेगा।

आईसीसी बोर्ड ने बांग्लादेश के खिलाफ 14-2 से वोट किया

आईसीसी बोर्ड ने श्रीलंका में बांग्लादेश के मैचों को रीशेड्यूल करने के खिलाफ 14-2 से वोट किया। बांग्लादेश के पक्ष में केवल पाकिस्तान ने वोट किया था। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड टूर्नामेंट में शामिल हुआ। नकवी ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से भारत के मना करने का हवाला देते हुए कहा, ‘आप दोहरा रवैया नहीं अपना सकते। आप एक देश (भारत) के लिए यह नहीं कह सकते कि वे जो चाहें कर सकते हैं और दूसरों को ठीक इसका उल्टा करना होगा। इसीलिए हमने यह कदम उठाया है और यह साफ कर दिया है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है। उन्हें वर्ल्ड कप में खेलना चाहिए। वे क्रिकेट में एक बड़े हितधारक हैं।’

यह भी पढ़ें: ‘नो बिग डील’, बहिष्कार की गीदड़भभकी दे रहे पाकिस्तान को पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने दिखाया आईना