पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा है कि ऑलराउंडर शादाब खान को प्रदर्शन करके आलोचकों का मुंह बंद करना चाहिए। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से हार के बाद शादाब खान,शाहीन अफरीदी और बाबर आजम जैसे पाकिस्तान के सीनियर खिलाड़ियों की आलोचना हुई थी। इस पर शादाब खान ने नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद कहा था कि वह उस पाकिस्तानी टीम के हिस्सा थे, जिसने भारत को वर्ल्ड कप में हराया था। अफरीदी ने शादाब को इसी बयान पर जवाब दिया और कहा कि 2021 में भारत के खिलाफ जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को इज्जत मिली, लेकिन वे इसे पचा नहीं पाए।

शाहिद अफरीदी ने समा टीवी पर कहा, ‘शादाब ने बिल्कुल सही कहा कि हमने वर्ल्ड कप में भारत को नहीं हराया, लेकिन उनकी टीम ने हराया। उसके बाद उन्हें इज्जत मिली, लेकिन वे इसे पचा नहीं पाए। भारत को हराने के बाद वे अपने बीच के मसलों को ही नहीं निपटा पाए। शादाब को यह भी मालूम होना चाहिए कि जब वह टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे तो हम नेशनल टेलीविजन पर उनके लिए खड़े हुए थे और कहा था कि वह टीम की रीढ़ हैं।’

प्रदर्शन करो और उसके बाद हम चुप हो जाएंगे

शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘मैं शादाब को जानता हूं और वह बहुत अच्छा इंसान हैं। उसने हमेशा हमसे इज्जत से बात की है। जब लोग हमारे खेलने के दिनों में हमारे बारे में बात करते थे तो हम हमेशा मैदान पर अपने प्रदर्शन से खुद को साबित करते थे। छोटी टीमों के खिलाफ नहीं हम बड़ी टीमों के खिलाफ प्रदर्शन करते थे, इसलिए शादाब बेटा, आप भी परफॉर्मेंस करिए। बेटा परफॉर्मेंस करो। हम तुम्हारे मुश्किल समय में तुम्हारे साथ खड़े रहे। तुमने घरेलू क्रिकेट नहीं खेलाफिर भी तुम नेशनल टीम में आ गए। अगर तुम हमें जवाब देना चाहते हो तो मैदान पर प्रदर्शन करके दो। प्रदर्शन करो और उसके बाद हम चुप हो जाएंगे।’

शादाब खान को हिदायत

टेलीकॉम एशिया के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम मैनेजर नावेद चीमा के जरिए शादाब खान को बताया कि वे पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ कड़े शब्दों का इस्तेमाल न करें। शादाब ने नामीबिया के खिलाफ 36 रन की पारी खेली थी और तीन विकेट लिए थे। इससे पहले टूर्नामेंट में 8, 30 और 14 रन की पारी खेली और दो विकेट लिए थे। इस हफ्ते की शुरुआत में नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शादाब ने कहा था, ‘पुराने क्रिकेटरों की अपनी राय होती है। वे दिग्गज हैं, लेकिन वे भी वह हासिल नहीं कर सके जो हमने किया है। हमने वर्ल्ड कप में भारत को हराया है।’

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप: भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा, मोहम्मद आमिर का दावा