टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की चार सीटों में से एक पर तो इंग्लैंड ने कब्जा जमा लिया है। अब बची हुई तीन सीटों के लिए कुल 7 दावेदारी टीमें हैं। ग्रुप 2 में एक स्थान बाकी है और ग्रुप 1 से अभी दोनों सीटों का भरना बाकी है। ऐसे में ग्रुप 1 में लड़ाई भारत, साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच है। वहीं ग्रुप 2 में अब एक स्थान के लिए दावेदार हैं पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका।

ऐसे में सभी सातों टीमों के लिए अलग-अलग क्या समीकरण हैं सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए, यह जानना भी बेहद दिलचस्प हो जाता है। भारत के ग्रुप में जिम्बाब्वे और भारतीय टीम की हार के बावजूद अभी मामला फंसा हुआ है। वहीं ग्रुप 2 में पाकिस्तान न्यूजीलैंड का पहला मैच रद्द होने और फिर इंग्लैंड की दो लगातार जीत से एक टीम तो तय हो गई और बची हुई तीन टीमों का गणित रोचक हो गया है।

ग्रुप 1 का समीकरण

  • भारत: भारतीय टीम के लिए समीकरण साफ है कि अगर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो उसे अपने बचे हुए दोनों मैच जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से जीतने होंगे। साथ ही यह भी मनाना होगा कि साउथ अफ्रीका भी वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हरा दे। क्योंकि भारत का नेट रनरेट बहुत खराब है। अगर वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हराया और साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को तो भारत अपने आखिरी दोनों मैच जीतकर भी बाहर हो सकता है।
  • साउथ अफ्रीका: साउथ अफ्रीका की टीम सुपर 8 में अपना पहला मैच भारत के खिलाफ जीत चुकी है। अगर टीम वेस्टइंडीज को हरा देगी तो सेमीफाइनल में लगभग अपनी जगह पक्की कर लेगी। वहीं अगर जिम्बाब्वे को भी प्रोटियाज ने हराया तो उनकी सेमीफाइनल की सीट एकदम पक्की हो जाएगी।
  • वेस्टइंडीज: विंडीज की टीम अगर साउथ अफ्रीका को हराती है और अगले मैच में भारत से हार भी जाती है तो भी उसकी सेमीफाइनल की राह बेहद आसान हो जाएगी और उसे अंतिम 4 का टिकट मिल जाएगा। क्योंकि वेस्टइंडीज का नेट रनरेट ग्रुप 1 में सबसे अच्छा है।
  • जिम्बाब्वे: जिम्बाब्वे की टीम पहले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 107 रन से हारी थी और नेट रनरेट बहुत खराब हो चुका है। ऐसे में उसे मनाना होगा कि वेस्टइंडीज अपने तीनों मैच जीत जाए। साथ ही उसे भी अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे। अगर वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे दोनों साउथ अफ्रीका को हराते हैं और भारत जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों से हारता है, उस केस में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को सेमीफाइनल का टिकट ग्रुप 1 से मिल सकता है।

ग्रुप 2 का समीकरण

  • न्यूजीलैंड: न्यूजीलैंड का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हो गया था और उसे एक अंक मिला। न्यूजीलैंड अगर बचे हुए दोनों मैच इंग्लैंड और श्रीलंका से जीतता है तो ग्रुप 2 में टॉप पर आ जाएगा और सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। अगर एक भी मैच कीवी टीम हारी तो सेमीफाइनल का मामला फंस सकता है।
  • पाकिस्तान: पाकिस्तानी टीम का पहला मैच रद्द हुआ था और उसे एक अंक मिला था। फिर इंग्लैंड से हारने के बाद भी कुछ प्रतिशत सेमीफाइनल की उम्मीद बाकी है। उसके लिए पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना होगा। साथ ही यह भी मनाना होगा कि न्यूजीलैंड अपने दोनों मैच श्रीलंका व इंग्लैंड से हारे या फिर एक भी मैच जीते तो कम अंतर से जीते ताकी पाकिस्तान का नेट रनरेट उससे अच्छा रहे।
  • श्रीलंका: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की को होस्ट श्रीलंकाई टीम भी मुश्किल में पड़ गई है। सुपर 8 के पहले मैच में इंग्लैंड से श्रीलंका को हार मिली। उसे अगर सेमीफाइनल में जाना है तो सीधा-सीधा पहले न्यूजीलैंड और फिर पाकिस्तान को हराना होगा। यह दोनों मैच जीतकर 4 अंक के साथ श्रीलंकाई टीम सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर सकती है।

यह भी पढ़ें- T20 World Cup: टीम इंडिया अब भी बना सकती है सेमीफाइनल में जगह, 4 पॉइंट्स में समझिए पूरा गणित
यह भी पढ़ें- भारत को जिम्बाब्वे को 7.1 ओवर में ही हराना होगा; जानें कैसे – से + होगा नेट रनरेट, यह है गणित