टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे दिन पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया। ग्रुप सी के इस मैच में इटली के खिलाफ स्कॉटलैंड ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 207 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहला ऐसा मौका था जब किसी एसोसिएट देश ने 200 रन का आंकड़ा छुआ। वहीं यह किसी एसोसिएट देश का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा टोटल भी रहा।

इटली के खिलाफ टॉस हारकर पहले खेलने उतरी स्कॉटलैंड के लिए ओपनर जॉर्ज मुन्से ने 54 गेंद पर 84 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं ब्रेंडन मैकमुल्लेन ने 18 गेंद पर नाबाद 41 और माइकल लीस्क ने 5 गेंद पर 22 रन की नाबाद पारी खेलते हुए स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। इसी के साथ स्कॉटलैंड की टीम ने रिकॉर्ड लक्ष्य इटली के सामने रखा। स्कॉटलैंड को बांग्लादेश के बाहर होने पर टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली थी।

टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट देशों के सबसे बड़े स्कोर

  • 207/4 – स्कॉटलैंड बनाम इटली, कोलकाता, 2026 (पहली पारी)*
  • 197/3 – यूएसए बनाम कनाडा, डल्लास, 2024 (दूसरी पारी)
  • 194/5 – कनाडा बनाम यूएसए, डल्लास, 2024 (पहली पारी)
  • 193/4 – नीदरलैंड बनाम आयरलैंड, सिल्हट, 2014 (दूसरी पारी)
  • 189/4 – आयरलैंड बनाम नीदरलैंड, सिल्हट, 2014 (पहली पारी)

ओपनर्स की रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी

स्कॉटलैंड के ओपनर्स जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने 126 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का यह सिर्फ दूसरा मौका था जब एसोसिएट देश की किसी ओपनिंग जोड़ी ने 100 प्लस रनों की साझेदारी की। मुन्से ने 84 और जोन्स ने 37 रन बनाए। इससे पहले 2021 वर्ल्ड कप में ओमान के जतिंदर सिंह और आकिब इलियास ने 131 रन की साझेदारी की थी।

इटली को मैच के बीच लगा झटका

मैच के चौथे ओवर में ही इटली के कप्तान वैन मैडसन बुरी तरह चोटिल हो गए। फील्डिंग करते हुए उनके कंधे में चोट आई। इसके बाद फिजियो उन्हें फील्ड से बाहर ले गए। मैडसन की चोट इतनी गंभीर थी कि वह इस मैच से ही बाहर हो गए। उनके वर्ल्ड कप के आगे के सफर पर भी अब खतरा मंडरा रहा है। इटली को अपने वर्ल्ड कप के डेब्यू मैच में यह बहुत बड़ा झटका लगा है।

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं:-

अभिषेक की फिटनेस पर सस्पेंस, संजू की लग सकती है लॉटरी; AI ने दूसरे मैच के लिए चुनी भारत की संभावित प्लेइंग 11
T20 World Cup 2026: भारत नंबर 1, सूर्या टॉप पर; दूसरे दिन के बाद अंकतालिका, ये हैं टॉप 5 बल्लेबाज-गेंदबाज