टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर इस हफ्ते की शुरुआत में ग्रुप मैच में लगी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। 40 साल के टेलर 9 फरवरी को ओमान के खिलाफ मैच में रिटायर्ड हर्ट होने के बाद लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। जिम्बाब्वे यह मैच आठ विकेट से जीता था। उनकी चोट की असल वजह अभी साफ नहीं है। टेलर की जगह जिम्बाब्वे की टीम में बेन करन को मौका मिला है। वह इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के भाई हैं।
जिम्बाब्वे के अलावा आयरलैंड की टीम में भी बदलाव हुआ है। कप्तान पॉल स्टर्लिंग घुटने की चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में स्टर्लिंग कैच लेने के प्रयास में चोटिल हुए थे। सैम टॉपिंग को उनकी जगह आयरलैंड की टीम में मौका मिला। आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमिटी ने जिम्बाब्वे की टीम में टेलर की जगह बेन करन और आयरलैंड की टीम में स्टर्लिंग की जगह टॉपिंग को शामिल करने की अनुमति दे दी है।
पिता की तरह जिम्बाब्वे से खेलते हैं बेन करन
बेन करन के भाई सैम और टॉम करन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करते हैं। करन फैमिली के डीएनए में क्रिकेट है। बेन बंधुओं के पिता केविन मैल्कम करन और दादा केविन पैट्रिक करन भी क्रिकेटर थे। केविन मैल्कम करन भी जिम्बाब्वे के लिए खेलते थे। वह 1983 वर्ल्ड कप में उस मैच का हिस्सा थे,जिसमें कपिल देव ने ऐतिहासिक 175 रनों की पारी खेली थी।
बेन करन का अंतरराष्ट्रीय करियर
बेन करन के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए 8 टेस्ट और 8 वनडे खेले हैं। टेस्ट में 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 495 रन बनाए हैं। वनडे में 48.57 के औसत से 340 रन बनाए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए अभी तक एक भी टी20 मैच नहीं खेलना है।
यह भी पढ़ें: भारत-नामीबिया मैच के बाद अंकतालिका, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को नीचे धकेला
